बस्ती में धनतेरस और दीपावली पर लागू रहेगा डायवर्जन:6 से 8 नवंबर तक बदले रहेंगे वाहनों के रास्ते, तय रास्तों का पालन करने की अपील
बस्ती में धनतेरस और दीपावली पर बाजारों में बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए यातायात पुलिस ने डायवर्जन प्लान जारी किया है। 6 से 8 नवंबर तक शहर में सुबह 8 बजे से रात 10 बजे तक वाहनों के रास्ते बदले रहेंगे। इस दौरान प्रमुख बाजारों और चौराहों पर यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाएगी। पुलिस के अनुसार, आपातकालीन वाहनों को डायवर्जन से छूट रहेगी। डायवर्जन के दौरान आपातकालीन वाहनों को छोड़कर कोई भी वाहन कंपनीबाग से गांधीनगर होते हुए रोडवेज की तरफ नहीं जा सकेगा। गांधीनगर में वाहनों की पार्किंग पर भी रोक रहेगी। यहां खरीदारी करने जाने वाले लोग अपने वाहन डीसी स्कूल ग्राउंड में खड़े कर सकेंगे। प्रमुख बाजारों और चौराहों पर बदलेगा रास्ता पांडेय बाजार, करुआ बाबा, दक्षिण दरवाजा, अस्पताल चौराहा, मालवीय तिराहा, जीआईसी, बाटा गली, दरिया खां गली, कंपनीबाग और शास्त्री चौक के आसपास यातायात के रास्ते बदले जाएंगे। चैनपुरवा और शहर की तरफ से आने वाले वाहन पॉलीटेक्निक चौराहा और बरदहिया के रास्ते अपने गंतव्य तक पहुंचेंगे। तय रास्तों का पालन करने की अपील सीओ ट्रैफिक कुलदीप यादव ने बताया कि त्योहार पर खरीदारी के लिए बड़ी संख्या में लोगों के बाजार पहुंचने की संभावना है। जाम से बचने और यातायात व्यवस्था सुचारु रखने के लिए डायवर्जन प्लान लागू किया गया है। उन्होंने वाहन चालकों से निर्धारित रास्तों का इस्तेमाल करने और प्रतिबंधित स्थानों पर वाहन खड़े नहीं करने की अपील की। गांधीनगर जाने वाले लोग डीसी स्कूल ग्राउंड में ही पार्किंग करें और यातायात नियमों का पालन कर पुलिस का सहयोग करें। बाजारों में सजने लगीं दुकानें धनतेरस और दीपावली को लेकर शहर के बाजारों में भी रौनक बढ़ने लगी है। सर्राफा बाजार, इलेक्ट्रॉनिक्स स्टोर, कपड़े और बर्तनों की दुकानों को सजाया जा रहा है। ग्राहकों को आकर्षित करने के लिए दुकानदारों ने भी तैयारियां शुरू कर दी हैं। आने वाले दिनों में बाजारों में खरीदारी के लिए भीड़ बढ़ने की संभावना है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)