आगरा में दिवाली पर सजी लक्ष्मी-गणेश प्रतिमा की स्टॉल्स:10 रुपए से 6 हजार तक की है रेंज, कोलकाता डिजाइंस की है मांग

Nov 04, 2026 - 14:50
0
आगरा में दिवाली पर सजी लक्ष्मी-गणेश प्रतिमा की स्टॉल्स:10 रुपए से 6 हजार तक की है रेंज, कोलकाता डिजाइंस की है मांग
दीपावली का त्योहार नजदीक आते ही आगरा के बाजारों में रौनक बढ़ने लगी है। जगह-जगह मिट्टी के लक्ष्मी-गणेश की प्रतिमाओं की स्टॉल सज गई हैं। वहीं, घरों को सजाने के लिए सजावटी सामान की दुकानें भी तैयार हो चुकी हैं। खरीदारी के लिए लोग लगातार बाजार पहुंच रहे हैं। स्टॉल पर 10 रुपये से लेकर 6 हजार रुपये तक की लक्ष्मी-गणेश की प्रतिमाएं उपलब्ध हैं। इनमें कोलकाता के कारीगरों द्वारा तैयार की गई विशेष डिजाइन की प्रतिमाएं लोगों को आकर्षित कर रही हैं। दुकानदार सोनी ठाकुर ने बताया कि कोलकाता के कारीगरों द्वारा तैयार की गई प्रतिमाओं की कीमत 150 रुपये से लेकर 5 हजार रुपये तक है। इन्हें बनाने में अधिक कारीगरी और मेहनत लगती है। प्रतिमाओं में बारीक नक्काशी और सजावट का विशेष ध्यान रखा जाता है। चटर्जी डिजाइन, देवजीत डिजाइन और श्याम आर्ट की प्रतिमाएं भी स्टॉल पर उपलब्ध हैं। इन्हें नाग और आकर्षक आभूषणों से सजाया जाता है। सुंदर और चमकीले कपड़ों से इनकी पोशाक तैयार की जाती है। लक्ष्मी-गणेश के अलावा नाग और आकर्षक पोशाक से सजी कुबेर और हनुमान जी की प्रतिमाएं भी तैयार की गई हैं, जो लोगों को खूब पसंद आ रही हैं। उन्होंने बताया कि ग्राहक अपनी पसंद के अनुसार लक्ष्मी-गणेश की प्रतिमाएं खरीद रहे हैं। लक्ष्मी जी को हाथी पर विराजमान और गणेश जी को चूहे पर बैठे हुए दिखाने वाली प्रतिमाओं की विशेष मांग है। गणेश जी की प्रतिमा खरीदते समय ग्राहक उनकी सूंड की बनावट पर भी ध्यान देते हैं। कुछ लोग दाईं तरफ मुड़ी सूंड वाली प्रतिमा पसंद करते हैं तो कुछ बाईं तरफ मुड़ी सूंड वाली प्रतिमा मांगते हैं। सोनी ठाकुर ने बताया कि ये प्रतिमाएं मिट्टी से तैयार की जाती हैं। इस बार मिट्टी पर टैक्स लगने के कारण मिट्टी की प्रतिमाओं की कीमत बढ़ी है। वहीं, प्लास्टर ऑफ पेरिस (पीओपी) से बनी प्रतिमाओं की कीमत में कोई बदलाव नहीं हुआ है। दुकानदारों का कहना है कि इस बार दीपावली पर बाजार अच्छा रहने की उम्मीद है। थोक बाजार में इस बार पूरा माल बिक चुका है। इससे खुदरा बाजार में भी अच्छी बिक्री की उम्मीद है। बाजार में मिट्टी की प्रतिमाओं के साथ ही दीपावली की सजावट के सामान की स्टॉल भी सज गई हैं। लोग घरों की सजावट और पूजन की तैयारियों के लिए लगातार खरीदारी कर रहे हैं।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User