हाथरस में त्योहारों पर बाजारों में वाहनों की एंट्री बंद:12 नवंबर तक 12 जगह डायवर्जन, अस्पताल में डॉक्टरों की छुट्टियां रद्द
हाथरस में आने वाले त्योहारों को देखते हुए पुलिस और स्वास्थ्य विभाग ने तैयारियां तेज कर दी हैं। बाजारों में भीड़ नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने 12 जगह रूट डायवर्जन पॉइंट बनाए हैं। यहां पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। पुलिस ने शहर में वाहन चेकिंग अभियान भी चलाया। वहीं, दिवाली पर आग से झुलसने और सड़क हादसों के मरीजों की आशंका को देखते हुए जिला अस्पताल के डॉक्टरों की छुट्टियां रद्द कर दी गई हैं। सुबह 10 से रात 10 बजे तक लागू रहेगा डायवर्जन पुलिस के मुताबिक, 12 नवंबर तक रोज सुबह 10 बजे से रात 10 बजे तक बाजारों की ओर जाने वाले रास्तों पर ई-रिक्शा, टेंपो और भारी-मध्यम वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। यह व्यवस्था लागू कर दी गई है। सासनी गेट चौराहे पर बैरियर से कमला बाजार की ओर, पेट्रोल पंप-तालाब चौराहे से पंजाबी मार्केट की ओर और महिला थाने के सामने से मोहनगंज (घंटाघर) की ओर वाहन नहीं जा सकेंगे। इसी तरह बांस मंडी चौराहे और घास मंडी तिराहे से घंटाघर की ओर, बुर्ज वाला कुआं और चूना वाला डंडा तिराहे से बाजार की ओर प्रवेश बंद रहेगा। चामड़ गेट चौराहे, देवेंद्र अग्रवाल मिष्ठान चौराहे और जामा मस्जिद चौराहे से भी घंटाघर बाजार की ओर वाहन नहीं जा सकेंगे। नया गंज और सादाबाद गेट चौराहे पर तय बैरियर से भी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। रोडवेज बसों और दोपहिया वाहनों की भी जांच पुलिस ने शहर में आने वाले बड़े वाहनों को रोककर उन्हें अंदर प्रवेश नहीं करने दिया। रोडवेज बसों को रुकवाकर जांच की गई। दोपहिया वाहन चालकों की भी चेकिंग की गई। पुलिस का कहना है कि त्योहार के दौरान भीड़ और यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए अभियान जारी रहेगा। जिला अस्पताल में डॉक्टरों की छुट्टियां रद्द दिवाली पर आतिशबाजी से झुलसने और सड़क हादसों के मरीजों की संख्या बढ़ने की आशंका को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने भी तैयारियां की हैं। जिला अस्पताल के सभी डॉक्टरों की छुट्टियां रद्द कर दी गई हैं। जिला अस्पताल के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. सूर्य प्रकाश ने बताया कि त्योहार को देखते हुए अस्पताल में अलग बर्न वार्ड बनाया जाएगा। इसके अलावा मरीजों को समय पर इलाज उपलब्ध कराने के लिए अन्य जरूरी तैयारियां भी की जा रही हैं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)