उत्तरकाशी केदारताल ट्रैक पर 5 लोगों की मौत:7 दिन से लापता 3 लोगों की खोज जारी; ITBP हेलिकॉप्टर से चला रही सर्च ऑपरेशन

Nov 04, 2026 - 12:52
0
उत्तरकाशी केदारताल ट्रैक पर 5 लोगों की मौत:7 दिन से लापता 3 लोगों की खोज जारी; ITBP हेलिकॉप्टर से चला रही सर्च ऑपरेशन
उत्तरकाशी के केदारताल ट्रैक पर हिमस्खलन और बर्फबारी की चपेट में आने से लापता 8 लोगों में से अब तक 5 की मौत हो चुकी है। बुधवार सुबह सर्च ऑपरेशन के दौरान तीन और शव बरामद किए गए। इससे पहले मंगलवार को भी दो शव मिले थे। बाकी 3 लापता लोगों की तलाश जारी है। सर्च ऑपरेशन में ITBP को भी शामिल किया गया है। ITBP की टीम स्पेशल हेलिकॉप्टर से रेस्क्यू अभियान चला रही है। वहीं, NDRF, SDRF, उत्तराखंड पुलिस, वन विभाग और नेहरू इंस्टीट्यूट ऑफ माउंटेनियरिंग (NIM) की टीमें भी लगातार तलाशी में जुटी हैं। बरामद किए गए पांचों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए जिला अस्पताल उत्तरकाशी लाया जा रहा है। 29 अक्टूबर को भोजखड़क और कच्ची ढांग के पास हिमस्खलन और बर्फबारी की चपेट में आने से 8 लोग लापता हो गए थे। इससे पहले रेस्क्यू टीमों को घटनास्थल के पास कुछ सामान भी मिला था। लापता लोगों में पश्चिम बंगाल के 5 ट्रैकर, उत्तर प्रदेश की 2 ट्रैकर और उत्तरकाशी के स्थानीय गाइड सिद्धार्थ राणा शामिल हैं। खराब मौसम और लगातार बर्फबारी के कारण तलाशी अभियान में मुश्किलें आ रही हैं। तस्वीरें देखिए- अब पढ़िए पूरी खबर… 1. 27 अक्टूबर को 13 सदस्यीय दल ट्रैकिंग पर निकला था- पश्चिम बंगाल और उत्तर प्रदेश के 7 ट्रैकर, उत्तरकाशी के स्थानीय गाइड सिद्धार्थ राणा और 5 सपोर्टिंग स्टाफ समेत कुल 13 लोगों का दल 27 अक्टूबर को गंगोत्री से केदारताल ट्रैक के लिए रवाना हुआ था। दल को 29 अक्टूबर तक वापस लौटना था। वापसी के दौरान भोजखड़क और कच्ची ढांग के पास अचानक हिमस्खलन और बर्फबारी हुई। इसकी चपेट में आने से 8 लोग लापता हो गए, जबकि बाकी सदस्य सुरक्षित लौट आए। 2. 30 अक्टूबर को 4 सदस्य सुरक्षित पहुंचे थे गंगोत्री- 30 अक्टूबर को दल के 4 सदस्य (3 नेपाली पोर्टर और कुक रोहन राणा) सुरक्षित गंगोत्री पहुंचे। उन्होंने प्रशासन को 8 लोगों के लापता होने की जानकारी दी। इसके बाद 31 अक्टूबर से SDRF, NDRF, पुलिस और वन विभाग की टीमों ने रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। मंगलवार को 2 शव बरामद किए गए थे। वहीं, बुधवार सुबह सर्च ऑपरेशन के दौरान 3 और शव मिले। अब तक 5 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 3 की तलाश जारी है। 3. लापता लोगों में पश्चिम बंगाल के 5 ट्रैकर शामिल- लापता लोगों में उत्तरकाशी के 25 वर्षीय गाइड सिद्धार्थ राणा, उत्तर प्रदेश की वर्तिका वर्मा (28), दीपिका वर्मा (29) और पश्चिम बंगाल के बांकुरा निवासी तापस बाउरी (30), रतन घोष (23), मनोज खोवास (39), रिंटू मंडल (40) और उदय घोष (30) शामिल हैं। 4. लखनऊ की दो सगी बहनें भी लापता- लापता लोगों में लखनऊ के गायत्रीपुरम निवासी वर्तिका वर्मा और दीपिका वर्मा भी शामिल हैं। दोनों बहनों को ट्रेकिंग का शौक था। वे उत्तराखंड और नेपाल के कई दुर्गम ट्रैक पूरे कर चुकी थीं। करीब दो महीने पहले ही दोनों फूलों की घाटी और हेमकुंड साहिब की ट्रेकिंग करके लौटी थीं। उनके भाई अतुल वर्मा परिजनों के साथ उत्तरकाशी पहुंचे हैं। उन्होंने ट्रेकिंग एजेंसी पर घटना की जानकारी समय पर नहीं देने और लापरवाही का आरोप लगाया है। परिवार को दोनों बहनों की सुरक्षित वापसी की उम्मीद है। 5. बंगाल के CM ने केंद्र से मांगी रिपोर्ट- पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर बांकुरा के पांच युवकों के लापता होने पर चिंता जताई है। उन्होंने उत्तराखंड सरकार और SDRF से युवकों को जल्द सुरक्षित तलाशने की अपील की है। साथ ही केंद्र सरकार से भी घटना की रिपोर्ट मांगी है। 6. परिजनों ने सेना और एयरफोर्स की मदद मांगी- लापता गाइड सिद्धार्थ राणा के पिता मोहन राणा और अन्य ग्रामीणों ने उत्तरकाशी कलेक्ट्रेट पहुंचकर DM प्रशांत कुमार आर्य से मुलाकात की। उन्होंने खोज अभियान तेज करने की मांग की। परिजनों ने दुर्गम पहाड़ी क्षेत्र और खराब मौसम को देखते हुए रेस्क्यू ऑपरेशन में सेना और एयरफोर्स के एडवांस्ड हेलिकॉप्टरों को शामिल करने की मांग भी की है। प्रशासन के मुताबिक, लगातार बर्फबारी और कम विजिबिलिटी के कारण सर्च ऑपरेशन में बाधाएं आ रही हैं। इसके बावजूद NDRF, SDRF, ITBP और अन्य एजेंसियों की टीमें बाकी 3 लापता लोगों की तलाश में जुटी हैं। हम इस खबर को लगातार अपडेट कर रहे हैं…

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User