टटीरी-टिकरी के किसानों को चार गुना मुआवजा देने की मांग:किसान मजदूर संगठन ने आंदोलन की चेतावनी दी, 12 दिसंबर से 100 गांवों में पैदल यात्रा निकलेगी
बागपत में किसान मजदूर संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष ठाकुर पूरन सिंह ने बुधवार को अग्रवाल मंडी टटीरी और निवाड़ा गांव पहुंचकर किसानों की समस्याएं सुनीं। उन्होंने भाजपा सरकार पर किसानों के साथ छलपूर्ण राजनीति करने का आरोप लगाया। टटीरी के युवा नगर अध्यक्ष राहुल राजपूत ने बताया कि ठाकुर पूरन सिंह ने पहले टटीरी में किसानों से मुलाकात की। इसके बाद वे निवाड़ा गांव में हसरत प्रधान के कार्यालय पहुंचे, जहां किसानों ने अपनी समस्याएं बताईं। ठाकुर पूरन सिंह ने कहा कि 2013 में कांग्रेस सरकार जमीन अधिग्रहण कानून लाई थी। इसके तहत जमीन के बदले किसानों को चार गुना मुआवजा देने का प्रावधान था। उन्होंने कहा कि दिल्ली-देहरादून हाईवे के लिए टटीरी और टिकरी के किसानों की जमीन ली गई, लेकिन छह साल बाद भी पूरा मुआवजा नहीं मिला। किसानों को अब तक केवल दो गुना मुआवजा दिया गया है। उन्होंने सरकार से टटीरी और टिकरी के किसानों को जमीन का चार गुना मुआवजा जल्द उनके खातों में भेजने की मांग की। उन्होंने चेतावनी दी कि मांग पूरी नहीं होने पर किसान मजदूर संगठन आंदोलन करेगा। संगठन के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष अनु मलिक ने बताया कि 12 दिसंबर को पुरा महादेव से 100 गांवों के रास्ते पैदल यात्रा निकाली जाएगी। यात्रा के दौरान गांव-गांव जाकर किसानों की समस्याएं सुनी जाएंगी। इसके बाद 21 दिसंबर को कलेक्ट्रेट पहुंचकर जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा जाएगा। इस दौरान संगठन के पदाधिकारी युवा जिला महासचिव कार्तिक मानव के घर पहुंचे और उनके दिवंगत दादा के निधन पर शोक जताया। कार्यक्रम में जिला अध्यक्ष कालूराम हिलवाड़ी, दीपक शर्मा, मनोज आर्य, परविंदर राणा और संगठन के अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)