बुलंदशहर में 15 हजार घरों में अन्नकूट बना:गोवर्धन पूजा पर सब्जी मंडी में 116 किस्मों की सब्जियां बिकीं
बुलंदशहर में दिवाली के बाद ब्रज की पावन धार्मिक परंपराओं के तहत मंगलवार को बुलंदशहर सहित पूरे क्षेत्र में गोवर्धन पूजा का पर्व श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। ज्योतिषाचार्य डॉ. अनिता पाराशर के अनुसार, कार्तिक शुक्ल प्रतिपदा तिथि पर उदयातिथि के आधार पर गोवर्धन पूजा का आयोजन किया गया। सुबह 7:10 से 11:30 बजे तक प्रातःकालीन पूजा के साथ-साथ अभिजीत और गोधूलि मुहूर्त में श्रद्धालुओं ने घरों के आंगन में गोबर से गोवर्धनधारी श्रीकृष्ण की आकृति बनाकर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। नगर का हर कोना अन्नकूट और पारंपरिक कढ़ी-भात की सोंधी महक से सराबोर नजर आया। सदियों पुरानी परंपरा को निभाते हुए शहर के लगभग 15,000 परिवारों के रसोइयों में अन्नकूट की खास मिक्स सब्जी और पकवान तैयार किए गए। सुबह से ही घरों और मंदिरों में विशाल कड़ाह चढ़े दिखे, जहाँ भगवान को भोग लगाने के लिए विविध प्रकार के व्यंजन बनाए गए। अन्नकूट पर्व का मुख्य आकर्षण शहर की सब्जी मंडी में देखने को मिला, जहाँ देशी और विदेशी मिलाकर 116 किस्मों की सब्जियां बिक्री के लिए उपलब्ध रहीं। मंडी के प्रमुख विक्रेता योगेश लोधी सहित दो दर्जन से अधिक दुकानों पर सुबह से ही खरीदारों की भारी भीड़ उमड़ी। अन्नकूट की पहचान माने जाने वाले जिमीकंद (हाथीचाक) की सबसे अधिक मांग रही। मंडी में ₹20 प्रति किलो की सामान्य सब्जियों से लेकर ₹1200 प्रति किलो तक की विदेशी सब्जियां हाथों-हाथ बिकीं। दुकानदारों के अनुसार, प्रति काउंटर ₹15 से ₹20 हजार की बिक्री हुई, जिससे मंडी में लाखों का बंपर कारोबार दर्ज किया गया। धार्मिक उत्साह के बीच नगर में दो दर्जन से अधिक स्थानों पर विशाल भंडारों का आयोजन हुआ, जहाँ श्रद्धालुओं और राहगीरों को गरमा-गरम पूड़ी और अन्नकूट का प्रसाद वितरित किया गया। आयुर्वेद के दृष्टिकोण से अन्नकूट की सब्जी को स्वास्थ्य के लिए अमृत माना गया है। दर्जनों सब्जियों के संयोजन से इसमें फाइबर, विटामिन, आयरन और पोटैशियम प्रचुर मात्रा में मिलता है, जो पाचन तंत्र को दुरुस्त कर पेट की समस्याओं से राहत दिलाता है। गोवर्धन पर्व के बाद बुधवार (11 नवंबर) को भाई दूज का पर्व मनाया जाएगा।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)