पीएनबी की कैश डिपॉजिट मशीन से 86,500 रुपए चोरी:हेल्पलाइन नंबर बदलकर ग्राहक को फंसाया, खाते में रकम आने की बात कहकर वापस भेजा
लखनऊ के नाका हिंडोला क्षेत्र स्थित पंजाब नेशनल बैंक की ई-लॉबी में लगे कैश डिपॉजिट मशीन (सीडीएम) से 86,500 रुपए चोरी कर लिए गए। आरोपियों ने पहले मशीन के कैश शटर और अन्य उपकरणों से छेड़छाड़ कर उसे खराब किया। इसके बाद बैंक के अधिकृत हेल्पलाइन नंबर की जगह अपना मोबाइल नंबर लिख दिया। मशीन में रुपए जमा करने पहुंचे ग्राहक को तकनीकी खराबी का झांसा देकर वापस भेज दिया। उसके जाने के बाद आरोपियों ने मशीन में फंसी 86,500 रुपए की रकम निकाल ली। बैंक की ब्रांच मैनेजर नेहा श्रीवास्तव ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि घटना 10 अक्टूबर को दोपहर 2:30 से 3:45 बजे के बीच हुई। इस दौरान 3-4 अज्ञात लोग बैंक की ई-लॉबी में पहुंचे। उन्होंने सीडीएम के कैश शटर और अन्य उपकरणों के साथ छेड़छाड़ कर मशीन को क्षतिग्रस्त कर दिया। इससे नकदी जमा करने की प्रक्रिया बाधित हो गई। इसी दौरान बैंक के कस्टमर अर्पित अग्रवाल ने मशीन में 86,500 रुपए जमा करने का प्रयास किया, लेकिन तकनीकी छेड़छाड़ के कारण रकम उनके खाते में जमा नहीं हुई। आरोपियों ने ई-लॉबी में लगे बैंक के हेल्पलाइन नंबर को हटाकर उसकी जगह अपना मोबाइल नंबर लिख दिया था। खुद को बैंककर्मी बताकर दिया झांसा ग्राहक ने मशीन पर लिखे मोबाइल नंबर पर संपर्क किया तो आरोपियों ने खुद को बैंक का अधिकृत प्रतिनिधि बताया। उन्होंने तकनीकी खराबी का हवाला देते हुए कहा कि ग्राहक की रकम सुरक्षित है और समस्या अपने आप ठीक हो जाएगी। उनके झांसे में आकर ग्राहक बिना नकदी लिए वहां से चला गया। इसके बाद आरोपी दोबारा ई-लॉबी में पहुंचे और मशीन में फंसी पूरी रकम निकालकर फरार हो गए। मामले में इंस्पेक्टर नाका का कहना है जांच के बाद घटना सत्य पाए जाने पर मुकदमा दर्ज किया गया है। टीमें आरोपियों की तलाश में लगी हैं। जल्दी मामले का खुलासा किया जाएगा।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)