छठ घाटों पर रातभर चलेगा सफाई अभियान:गोरखपुर में सुबह अर्घ्य से पहले चमकेंगे घाट; नगर आयुक्त ने रात में किया निरीक्षण
गोरखपुर में छठ महापर्व को लेकर नगर निगम प्रशासन अलर्ट है। रविवार शाम डूबते सूर्य को अर्घ्य देने के बाद नगर आयुक्त ने शहर के अलग-अलग छठ घाटों और पोखरों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सफाई व्यवस्था का जायजा लिया। अधिकारियों को रातभर अभियान चलाकर सभी घाटों की सफाई पूरी कराने के निर्देश दिए। नगर आयुक्त ने कहा कि सोमवार सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य देने पहुंचने वाले श्रद्धालुओं और व्रती महिलाओं को किसी तरह की परेशानी नहीं होनी चाहिए। घाटों के साथ संपर्क मार्ग भी होंगे साफ निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त ने जोनल अधिकारियों और सफाई निरीक्षकों को घाटों के साथ आसपास के क्षेत्रों में भी विशेष सफाई कराने के निर्देश दिए। संध्याकालीन अर्घ्य के बाद घाटों और रास्तों पर कूड़ा जमा होने की आशंका को देखते हुए तत्काल सफाई कराने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि सफाई अभियान सिर्फ घाटों तक सीमित नहीं रहेगा। घाटों की सीढ़ियों, संपर्क मार्गों और आसपास के सार्वजनिक स्थलों की भी सफाई कराई जाएगी। पूजा सामग्री और दूसरे कचरे को तत्काल उठवाकर उसका निस्तारण किया जाएगा। रातभर निगरानी करेंगे अधिकारी नगर आयुक्त ने सभी संबंधित अधिकारियों को रात में ही सफाई पूरी कराने के निर्देश दिए। जोनल अधिकारियों और सफाई निरीक्षकों को अपने क्षेत्रों में लगातार निगरानी करने को कहा। उन्होंने निर्देश दिया कि जहां भी कूड़ा जमा मिले, वहां तत्काल उठान कराया जाए। सुबह अर्घ्य के लिए महिलाएं, बच्चे और बुजुर्ग भी घाटों पर पहुंचेंगे। ऐसे में सफाई के साथ आवागमन की व्यवस्था भी दुरुस्त रखी जाए। अधिकारियों को सफाई कर्मचारियों की तैनाती और जरूरी इंतजाम समय से पूरे कराने को कहा गया है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)