पुरुषों की तुलना में डेढ़ गुना अधिक बढ़ीं महिला मतदाता:जेंडर रेशियो सुधारने के लिए बढ़ाई जा रही आधी आबादी की भागीदारी

Nov 15, 2026 - 22:48
0
पुरुषों की तुलना में डेढ़ गुना अधिक बढ़ीं महिला मतदाता:जेंडर रेशियो सुधारने के लिए बढ़ाई जा रही आधी आबादी की भागीदारी
विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के बाद नए मतदाता बनने का सिलसिला जारी है। इस दौरान 7 महीने में 49 हजार 862 नए मतदाता बने हैं। इनमें महिलाओं की संख्या पुरुषों की तुलना में डेढ़ गुना अधिक है। जेंडर रेशियो सामान्य से भी कम होने के बाद इसे बेहतर बनाने पर काम चल रहा है। इसको लेकर विशेष अभियान भी चलाए जा रहे हैं। जिसका परिणाम नजर आने लगा है। महिलाओं की संख्या में इजाफा देखने को मिला है। नए मतदाताओं में 61.12 प्रतिशत महिलाएं हैं तो पुरुषों की भागीदारी 38.87 प्रतिशत है। SIR के तहत अप्रैल 2026 में प्रकाशित सूची में जिले में मतदाताओं की संख्या 32 लाख 45 हजार 441 थी। उस समय पुरुष मतदाताओं की संख्या 17 लाख 13 हजार 929 थी और महिलाओं की संख्या 14 लाख 71 हजार 316। उस समय जेंडर रेशियो 831 था जबकि राष्ट्रीय मानक 944 है। यानी जिले का जेंडर रेशिया, राष्ट्रीय मानक से काफी कम है। जिले में फिलहाल कुल 32,95,303 मतदाता हैं। इनमें 17,73,315 पुरुष और 15,01,804 महिलाएं शामिल हैं। जेंडर रेशियो को सुधारने के लिए जिला निर्वाचन अधिकारी एवं डीएम दीपक मीणा ने महिला मतदाताओं की संख्या बढ़ाने के लिए विशेष अभियान चलाया। अक्टूबर में दो दिन आयोजित बूथ दिवस पर सभी 9 विधानसभा क्षेत्रों में 45 जिला स्तरीय अधिकारियों की तैनाती कर महिलाओं से फार्म-6 भरवाए गए। अब एसएसआर में महिला महाविद्यालयों के साथ नवविवाहिताओं को मतदाता बनाने पर जोर है। इसके लिए कालेजों में टीमें भेजी जा रही हैं। उधर, मंगलवार को मतदाता सूची के ड्राफ्ट का प्रकाशन होगा। जिला निर्वाचन कार्यालय में इसकी प्रतियां पहुंच चुकी हैं। इसके बाद दावे और आपत्तियां मांगी जाएंगी। उप जिला निर्वाचन अधिकारी जय प्रकाश ने बताया कि कोई भी पात्र मतदाता सूची से वंचित न रहे, इसके लिए बूथों के साथ कालेजों में भी अभियान चलाया जा रहा है। खासतौर पर महिलाओं और युवाओं पर ध्यान दिया जा रहा है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User