छठ के आखिरी दिन उगते सूर्य को अर्घ्य:महिलाओं ने 36 घंटे का निर्जला व्रत तोड़ा, काशी में फ्रांस से पहुंची महिला
महापर्व छठ का आज चौथा और आखिरी दिन है। सुबह उगते सूर्य को व्रती महिलाओं ने अर्घ्य दिया। इसी के साथ 36 घंटे के निर्जला व्रत का समापन हुआ। इसस पहले रविवार शाम को अस्ताचलगामी यानी डूबते सूरज को अर्घ्य दिया गया। शाम को लखनऊ में सीएम योगी ने भी अर्घ्य दिया। श्रद्धालुओं पर फूल भी बरसाए। उन्होंने लोक गायिका शारदा सिन्हा को याद किया। कहा कि छठ के गीतों को देश-दुनिया तक पहुंचाने वाली शारदा सिन्हा को याद किए बिना यह पर्व अधूरा है। लक्ष्मण मेला मैदान घाट पर छठ पूजा के आयोजन में पद्मश्री मालिनी अवस्थी ने छठी मैया के गीत गाए। उनके साथ 100 से ज्यादा कलाकारों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। उधर, वाराणसी के राजा घाट पर छठ मनाने के लिए फ्रांस से लिया पहुंचीं। उन्होंने माथे पर सिंदूर लगाया और साड़ी पहनकर पूजा में शामिल हुईं। लिया ने बताया वह खास तौर पर छठ पूजा में शामिल होने के लिए वाराणसी आई हैं। अस्सी घाट पर रूस की रहने वाली एक महिला छठ पूजा में शामिल हुई। प्रयागराज में मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी पत्नी के साथ छठ पूजा की। उन्होंने सिर पर दउरा उठाकर पूजा में हिस्सा लिया। गोंडा में छठ पूजा के दौरान भाजपा विधायक प्रेम नारायण पांडेय ने ढोल बजाया। कानपुर, गाजियाबाद और लखनऊ में कई महिला-पुरुष दंडवत करते हुए छठ घाटों तक पहुंचे। इसके बाद उन्होंने डूबते सूर्य को अर्घ्य दिया और छठी मैया की पूजा-अर्चना की।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)