छठ व्रतियों ने उगते सूर्य को अर्घ्य दिया:अम्बेडकरनगर में 36 घंटे का निर्जला व्रत पूरा कर किया पारण
अम्बेडकरनगर में लोक आस्था के महापर्व छठ के चौथे और अंतिम दिन सोमवार सुबह जनपद के विभिन्न घाटों पर आस्था और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला। भोर से ही छठ व्रती महिलाओं और श्रद्धालुओं का घाटों पर पहुंचना शुरू हो गया। सूर्योदय के साथ ही व्रती महिलाओं ने उदीयमान भगवान भास्कर को अर्घ्य देकर परिवार की सुख-समृद्धि, संतान की दीर्घायु और खुशहाली की कामना की। इसी के साथ चार दिवसीय छठ महापर्व का विधि-विधान से समापन हो गया। अकबरपुर में गायत्री मंदिर, शिवाला के निकट स्थित घाट समेत जिले के विभिन्न छठ घाटों पर सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ जुटी रही। व्रती महिलाएं पारंपरिक परिधानों में सजकर बांस के सूप और दउरा में फल, नारियल, गन्ना तथा अन्य पूजन सामग्री लेकर घाटों पर पहुंचीं। जल में खड़े होकर उगते सूर्य को अर्घ्य दिया और छठी मइया की आराधना कर परिवार के मंगलमय जीवन की प्रार्थना की। घाटों पर छठी मइया के पारंपरिक गीतों और जयकारों से वातावरण भक्तिमय बना रहा। सुबह की पहली किरण के साथ सूर्यदेव को अर्घ्य देने के लिए श्रद्धालुओं में खास उत्साह नजर आया। पूजा-अर्चना के बाद व्रती महिलाओं ने प्रसाद ग्रहण कर पारण किया। इसके साथ ही 36 घंटे के निर्जला व्रत का समापन हुआ। पर्व को देखते हुए विभिन्न घाटों पर साफ-सफाई, प्रकाश और सुरक्षा के इंतजाम किए गए थे। पुलिसकर्मी भीड़ को नियंत्रित करने और श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए मुस्तैद रहे। उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देने के साथ ही श्रद्धा, तप और लोक परंपरा का चार दिवसीय महापर्व संपन्न हो गया।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)