चकबंदी अदालत में तारीख लेने पहुंचे फरियादी से मारपीट:मैनपुरी में जमीन विवाद में दो भाइयों पर आरोप, VIDEO
मैनपुरी कलेक्ट्रेट स्थित चकबंदी न्यायालय में बुधवार की दोपहर करीब 2 बजे तारीख लेने पहुंचे एक युवक के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। गांव के ही दो भाइयों पर गाली-गलौज करने और हमला कर थप्पड़ मारने का आरोप है। कार्यालय परिसर में हुई मारपीट का किसी ने वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। पीड़ित ने सिविल लाइन चौकी पहुंचकर आरोपियों के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। मुकदमे की तारीख लेने के लिए कलेक्ट्रेट पहुंचे पड़रिया गांव निवासी अभय भदौरिया पुत्र अनिल भदौरिया के अनुसार, बुधवार 4 नवंबर को वह चकबंदी न्यायालय में मुकदमे की तारीख लेने के लिए कलेक्ट्रेट पहुंचे थे। इसी दौरान गांव के रहने वाले उपेंद्र सिंह उर्फ लला और श्यामवीर पुत्रगण तेज सिंह भी वहां मौजूद थे। आरोप है कि दोनों भाइयों ने पहले उनके साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर दोनों ने एकराय होकर उन पर हमला कर दिया और मारपीट की। अभय का कहना है कि घटना के दौरान वहां कई लोग मौजूद थे। मारपीट का वीडियो भी किसी ने बना लिया जो इस समय सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। पीड़ित ने बताया कि गांव में सरकारी जमीन और नाली को लेकर उनका आरोपियों से विवाद चल रहा है। उनका आरोप है कि गांव में ग्राम समाज की जमीन पर रात के समय जेसीबी से कई बार खनन कराया गया। खेत की सरकारी नाली भी खुदवा दी गई थी। इन गतिविधियों का विरोध करने और इसी सिलसिले में अधिकारियों से शिकायत करने के कारण उनके साथ विवाद हुआ। बातचीत करने के बजाय हाथापाई शुरू अभय ने आरोप लगाया कि जब उन्होंने आरोपियों से इस संबंध में बात करने की कोशिश की तो उन्होंने बातचीत करने के बजाय हाथापाई शुरू कर दी। घटना के बाद पीड़ित ने सिविल लाइन चौकी में प्रार्थना पत्र देकर पूरे मामले की जांच कराने और आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करने की मांग की है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)