CM ग्रिड सड़क बनाने में देरी पर डीएम नाराज:बोले- 30 नवंबर तक काम पूरा करो, वरना होगी कार्रवाई
कानपुर की जर्जर सड़कों के निर्माण कार्यों में देरी को लेकर प्रशासन ने सख्ती शुरू कर दी है। डीएम महेंद्र सिंह तंवर, नगर आयुक्त अर्पित उपाध्याय और सीडीओ अभिनव जे. जैन ने मंगलवार रात 12 बजे शहर में चल रहे सड़क निर्माण और मरम्मत कार्यों का औचक निरीक्षण किया। स्वरूप नगर में सीएम ग्रिड योजना के तहत बन रही सड़क का काम तय समय से पीछे मिलने पर डीएम ने नाराजगी जताई। उन्होंने अगले दो दिन में काम पूरा कराने और पूरी सड़क का निर्माण हर हाल में 30 नवंबर तक खत्म करने के निर्देश दिए। साथ ही चेतावनी दी कि अगर समय पर काम पूरा नहीं हुआ तो जिम्मेदारों पर कार्रवाई होगी। चुन्नीगंज और कंपनी बाग चौराहे का किया निरीक्षण निरीक्षण के दौरान सबसे पहले चुन्नीगंज चौराहे के पास पीडब्ल्यूडी की ओर से कराए जा रहे सड़क निर्माण कार्य को देखा गया। अधिकारियों ने बताया कि जल निगम के काम के कारण सड़क का जो बचा हिस्सा है यह उसी विभाग को बनाना प्रस्तावित है। इस पर डीएम ने कहा कि पूरी सड़क का निर्माण पीडब्ल्यूडी ही कराए। उन्होंने कहा कि अलग-अलग विभागों से सड़क बनवाने पर गुणवत्ता, समतलीकरण और सतह की एकरूपता प्रभावित हो सकती है। इसके बाद कंपनी बाग चौराहे पर पीडब्ल्यूडी, मेट्रो और जल निगम के निर्माण कार्यों का जायजा लिया गया। डीएम ने तीनों विभागों को निर्माण कार्य समय से पूरा करने के निर्देश दिए। 14 खराब सड़कों के प्रस्ताव शासन भेजने के निर्देश डीएम ने पीडब्ल्यूडी के अधिशासी अभियंता को जिले की 14 क्षतिग्रस्त सड़कों के निर्माण के लिए तत्काल शासन को प्रस्ताव भेजने के निर्देश दिए। जिससे स्वीकृति मिलते ही निर्माण कार्य शुरू कराया जा सके और लोगों को राहत मिले। उन्होंने सभी विभागों को स्पष्ट किया कि सड़क निर्माण में गुणवत्ता और तय मानकों से कोई समझौता नहीं होगा। लापरवाही और अनावश्यक देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)