जालौन में अभ्यर्थियों का सम्मान समारोह:सरकारी विभागों में चयनित युवाओं को मेडल और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया
जालौन के उरई में भदौरिया क्लासेज की ओर से मंगलवार को मधुवन विला गेस्ट हाउस में सम्मान समारोह आयोजित किया गया। इसमें विभिन्न सरकारी विभागों में चयनित संस्थान के 84 अभ्यर्थियों को मेडल और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण और पुष्प अर्पित कर किया गया। मुख्य अतिथि जिलाधिकारी समीर वर्मा ने चयनित अभ्यर्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि सरकारी सेवा में चयन के साथ देश और समाज के प्रति जिम्मेदारी भी बढ़ जाती है। विशिष्ट अतिथि एआरटीओ राजेश कुमार वर्मा ने युवाओं को मेहनत और अनुशासन के साथ अपने दायित्व निभाने के लिए प्रेरित किया। संस्थान के संस्थापक वीएस भदौरिया ने बताया कि संस्थान के आठ अभ्यर्थियों का उपनिरीक्षक पद पर, 47 का पुलिस विभाग में, एक का आयकर विभाग और 28 का उत्तर प्रदेश होमगार्ड में चयन हुआ है। कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे आशाराम ने चयनित अभ्यर्थियों को बधाई दी। इस दौरान विशिष्ट अतिथि यातायात प्रभारी वीर बहादुर सिंह और सीएमएस डॉ. प्रशांत निरंजन भी मौजूद रहे। अतिथियों का स्मृति चिह्न देकर स्वागत किया गया। कार्यक्रम का संचालन निखिल मोदी ने किया।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)