देवोत्थानी एकादशी पर गूंजा ‘उठो देव, जागो देव’:हाथरस में शुरू हुए मांगलिक कार्य, महिलाओं ने गेरू-खड़िया से सजाई रंगोली
हाथरस में शुक्रवार को देवोत्थानी एकादशी का पर्व श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। इसके साथ ही मांगलिक कार्यों की शुरुआत हो गई। महिलाओं ने घरों के आंगन में गेरू और खड़िया से रंगोली सजाई। सूप बजाकर ‘उठो देव, जागो देव’ का आह्वान किया और भगवान विष्णु की पूजा-अर्चना की। गन्ने की चौकी सजाकर की पूजा-अर्चना सुबह से ही घरों में पूजा की तैयारियां शुरू हो गईं। लोगों ने लकड़ी की चौकी के चारों ओर गन्ने बांधकर उसे सजाया। चौकी पर भगवान विष्णु की प्रतिमा या चित्र स्थापित किया। इसके बाद सिंघाड़े, फूलमाला और फलों से पूजा कर आरती उतारी। सुबह से ही मंदिरों में श्रद्धालुओं की भीड़ पहुंची। लोगों ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। शहर के ज्यादातर चौराहों पर भी गन्ने की बिक्री होती रही। मंदिरों में हुआ भव्य श्रृंगार, बाजारों में बढ़ी रौनक देवोत्थानी एकादशी पर मंदिरों में भगवान का भव्य श्रृंगार किया गया। बाजारों में सुबह से ही पूजा सामग्री की बिक्री शुरू हो गई। लोग पूजन सामग्री के साथ फल और सब्जियां खरीदते नजर आए। सहालग शुरू होने से बाजारों में भी रौनक बढ़ गई। शादी समारोहों के चलते लगा जाम, बसों-ट्रेनों में भीड़ सहालग शुरू होने के साथ ही शहर में यातायात का दबाव बढ़ गया। शादी समारोहों के चलते तालाब चौराहे और शहर के अन्य रास्तों पर जाम की स्थिति बनी रही। ट्रेनों और बसों में भी यात्रियों की भीड़ रही। इस दौरान डग्गामार वाहनों ने भीड़ का फायदा उठाया और क्षमता से अधिक सवारियां बैठाईं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)