DFCCIL ने प्रयागराज में रेलवे-ट्रैक सुरक्षा पर जागरूकता अभियान चलाया:छात्रों और ग्रामीणों से ट्रैक पर न चलने, ट्रेन पर पत्थर न फेंकने की अपील
प्रयागराज के बरामार स्थित शिव बालक सिंह इंटर कॉलेज में DFCCIL के सुरक्षा विभाग ने जन-जागरूकता अभियान चलाया। इसमें सैकड़ों छात्र-छात्राओं और स्थानीय ग्रामीणों ने हिस्सा लिया। अभियान में रेलवे ट्रैक पर चलने, उसके आसपास खेलने और ट्रेनों पर पत्थर फेंकने के खतरों के बारे में बताया गया। अभियान समूह महाप्रबंधक (सुरक्षा) सह महानिरीक्षक आशीष मिश्रा के निर्देशन में हुआ। अधिकारियों ने बच्चों से स्कूल आते-जाते समय रेलवे ट्रैक को रास्ते के रूप में इस्तेमाल न करने की अपील की। ग्रामीणों से कहा गया कि वे रेलवे ट्रैक पर पत्थर, लोहे या दूसरी वस्तुएं न रखें। अधिकारियों ने बताया कि ट्रेनों पर पत्थर फेंकने से यात्रियों की जान को खतरा हो सकता है और ऐसा करने पर कानूनी कार्रवाई हो सकती है। ट्रैक या ट्रेनों के आसपास संदिग्ध गतिविधि दिखने पर रेलवे हेल्पलाइन 139 या आपातकालीन नंबर 112 पर सूचना देने को कहा गया। अभियान में रेलवे लाइन के किनारे पराली और कूड़ा जलाने से होने वाली परेशानी पर भी जानकारी दी गई। अधिकारियों ने बताया कि इससे रेल परिचालन पर असर पड़ सकता है और दुर्घटना की आशंका बढ़ सकती है। रेलवे की सीमा में गंदगी न फैलाने और दूसरों को भी ऐसा करने से रोकने की अपील की गई। DFCCIL रेलखंड पर आत्महत्या से होने वाली रनओवर घटनाओं को रोकने पर भी बात हुई। ग्रामीणों, पंचायत प्रतिनिधियों और स्वयं सहायता समूहों से पारिवारिक या सामाजिक समस्याओं से जूझ रहे लोगों से संवाद करने और संकट के समय मदद करने की अपील की गई। इस मौके पर निरीक्षक सुरक्षा सुजीत कुमार राय, पवन कुमार दुबे, कार्यकारी सुरक्षा सत्येंद्र प्रताप सिंह, आरपीएफ छिवकी के प्रभारी निरीक्षक अशोक कुमार यादव और डीजीआर सुपरवाइजर अजय सिंह मौजूद थे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)