दीपावली मेले से पहले रामघाट पर 10 नए चेंजिंग-रूम बनेंगे:चित्रकूट में डीएम-एसपी ने निरीक्षण, ठेके पर गंदगी देख 10 हजार जुर्माने के निर्देश
चित्रकूट में दीपावली अमावस्या मेले में लाखों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। इसे देखते हुए प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। सोमवार शाम 4 बजे डीएम पुलकित गर्ग और एसपी अरुण कुमार सिंह ने रामघाट, खोही तालाब और बिहारा रैन बसेरे का निरीक्षण किया। डीएम ने अधिकारियों को मेले से पहले सभी निर्माण कार्य पूरे कराने और श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सफाई व सुविधाओं का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए। रामघाट पर सड़क, लाइट और सुरक्षा व्यवस्था सुधरेगी निरीक्षण के दौरान डीएम ने रामघाट पर सड़क किनारे पौधे लगाने, सौंदर्यीकरण कराने, साइनेज और स्ट्रीट लाइट लगाने को कहा। उन्होंने नालियों को ढकने, सड़क के बीच लगे बिजली के पोल किनारे करने और ट्रांसफार्मरों को सुरक्षित स्थान पर लगाने के निर्देश दिए। उतारा पुल से घाट तक जरूरत के अनुसार सीढ़ियां बनाने और पुल के पास नदी में जमा मिट्टी को पोकलैंड मशीन से हटाने को कहा। पुल के पास बने रैन बसेरे का अधूरा निर्माण जल्द पूरा कराने और सफाई कराने के निर्देश दिए। शौचालय के पास टूटे फर्श की मरम्मत और रंगाई-पुताई कराने को भी कहा। 10 नए चेंजिंग रूम और सीसीटीवी से होगी निगरानी रामघाट पर प्रस्तावित 16 चेंजिंग रूम में से छह का निर्माण पूरा हो चुका है। डीएम ने बाकी 10 चेंजिंग रूम भी अच्छी गुणवत्ता के साथ जल्द तैयार कराने के निर्देश दिए। खोया-पाया केंद्र में कंट्रोल रूम बनाने और मेले में लगाए जाने वाले सभी सीसीटीवी कैमरों की नियमित निगरानी करने को कहा। डीएम ने सीतापुर चौकी प्रभारी को रामघाट पर दुकानदारों का अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निर्देशों का पालन नहीं करने वालों पर जुर्माना लगाया जाए। शराब की दुकान पर गंदगी मिलने पर 10 हजार जुर्माना खोही तालाब के निरीक्षण के दौरान डीएम ने जल स्रोतों को दुरुस्त रखने, पौधे लगाने, फेंसिंग और साइनेज लगाने के निर्देश दिए। एडीएम कर्वी को तालाब की पैमाइश कर रिपोर्ट देने को कहा। वहीं, संग्रामपुर स्थित शराब की दुकान के परिसर में गंदगी मिलने पर डीएम ने नाराजगी जताई। उन्होंने बीडीओ को दुकान संचालक पर 10 हजार रुपए का जुर्माना लगाकर राशि ग्राम पंचायत में जमा कराने के निर्देश दिए। साथ ही दुकान परिसर की सफाई संचालक को अपने खर्च पर कराने को कहा। रैन बसेरे और पार्किंग में होंगे इंतजाम डीएम ने बिहारा रैन बसेरे और पार्किंग स्थलों का भी निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्य समय से पूरा कराने के साथ पार्किंग में रोशनी और पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि मेले में आने वाले श्रद्धालुओं को परेशानी न हो। निरीक्षण के दौरान एडीएम स्वप्निल कुमार यादव, एडीएम न्यायिक डॉ. कंचन, एसडीएम अजय यादव और संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)