कानपुर कचहरी में दो दिन रहेगी हड़ताल:कालपी बार अध्यक्ष की हत्या के विरोध में कल काम नहीं करेंगे वकील, मंडलायुक्त को सौंपा ज्ञापन
कालपी बार संघ के अध्यक्ष गयादीन अहिरवार की हत्या के विरोध में अधिवक्ताओं ने मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन मंडलायुक्त कार्यालय में सौंपा। पदाधिकारियों ने कहा कि हत्या के विरोध में बार व लॉयर्स एसोसिएशन ने संयुक्त रूप से मंगलवार को सामूहिक अवकाश पर रहने का फैसला किया है। पिछले सात बुधवार से अधिवक्ता हर बुधवार को लगातार सामूहिक अवकाश कर रहे हैं। जिसके चलते दो दिन न्यायिक कार्य ठप रहेगा। प्रादेशिक सम्मेलन में 15 सूत्रीय मांग पत्र सीएम को भेजा था बार व लॉयर्स एसोसिएशन के संयुक्त तत्वावधान में अधिवक्ता मंडलायुक्त कार्यालय पहुंचे। ज्ञापन सौंपते हुए कहा कि 10 व 11 सितंबर को हुए प्रादेशिक सम्मेलन में 15 सूत्रीय मांगों का पत्र मुख्यमंत्री को भेजा गया था। जिसमें एक मांग अधिवक्ता संरक्षण अधिनियम लागू करने की थी, लेकिन अब तक उस पर कोई निर्णय नहीं लिया गया। इसी का नतीजा है कि अधिवक्ताओं के साथ आए दिन घटनाएं हो रही हैं। कालपी बार संघ अध्यक्ष गयादीन की हत्या इसका प्रत्यक्ष उदाहरण है। ज्ञापन में दिवंगत अधिवक्ता के परिवार को पांच करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता, परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने की मांग की। साथ ही हत्यारों को जल्द गिरफ्तार कर फास्ट ट्रैक कोर्ट में मुकदमे की सुनवाई करवाकर सजा दिलाने की मांग की। यह अधिवक्ता रहे मौजूद ज्ञापन देने वालों में बार एसोसिएशन के अध्यक्ष योगेंद्र अवस्थी, महामंत्री बिनय मिश्रा, लॉयर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष दिनेश चंद्र वर्मा, महामंत्री राजीव यादव, अनूप कुमार द्विवेदी, अभय त्रिपाठी, अभय शर्मा, हेमंत तिवारी, अनिल बाबू चौधरी, अरविंद दीक्षित मौजूद रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)