2017 से पहले का जंगलराज लोग नहीं भूले:फर्रुखाबाद में बीजेपी प्रभारी-मंत्री बोले-अखिलेश को यूपी की जनता की याददाश्त पर भरोसा नहीं करना चाहिए

Nov 02, 2026 - 20:28
0
2017 से पहले का जंगलराज लोग नहीं भूले:फर्रुखाबाद में बीजेपी प्रभारी-मंत्री बोले-अखिलेश को यूपी की जनता की याददाश्त पर भरोसा नहीं करना चाहिए
फर्रुखाबाद में सोमवार को जिले के प्रभारी मंत्री जयवीर सिंह ने अखिलेश यादव पर निशाना साधा। शाम 4 बजे कलेक्ट्रेट सभागार में प्रेस वार्ता के दौरान उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव जब मुख्यमंत्री बने थे, तब उनके पिता मुलायम सिंह यादव की मेहनत थी। 2017 से पहले के शासनकाल को प्रदेश की जनता आज भी नहीं भूली है। अंगद के पैर को लेकर अखिलेश यादव के पलटवार पर सवाल पूछा गया तो जयवीर सिंह ने कहा कि 2022 में भी अखिलेश यादव ने सरकार बनने से पहले ही मंत्रिमंडल का गठन कर लिया था। चीफ सेक्रेटरी से लेकर प्रमुख सचिवों तक की तैनाती की रूपरेखा तैयार हो गई थी, लेकिन नतीजा क्या हुआ, यह सबने देखा। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव को अति उत्साहित नहीं होना चाहिए। उत्तर प्रदेश की जनता की याददाश्त इतनी कमजोर नहीं है कि वह 10 साल में सब कुछ भूल जाए। बिहार में लालू प्रसाद यादव के जंगलराज को वहां की जनता 20 साल बाद भी नहीं भूली है। इसी तरह यूपी के लोग भी सपा शासनकाल में हुए दंगे, अपराध, माफियाराज और गुंडई को याद रखते हैं। इसी वजह से 2017 में जनता ने सपा को सत्ता से बाहर कर दिया था। बोले- अखिलेश के परिवार में ही सब ठीक नहीं सोशल मीडिया पर सपा की ओर से वायरल पोस्ट को लेकर सवाल पूछने पर मंत्री ने कहा कि अखिलेश यादव के परिवार में ही सब कुछ ठीक नहीं चल रहा है। चाचा-चाचा हैं और वे मुलायम सिंह यादव के भाई हैं। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव अब तक अपने दम पर कोई चुनाव नहीं जीते हैं। मुलायम सिंह यादव के नेतृत्व और उनकी मेहनत से चुनाव लड़ा गया था। बहुमत मिलने के बाद मुलायम सिंह ने अखिलेश को मुख्यमंत्री बनाया था। उस समय शिवपाल सिंह यादव ने बगावत भी की थी। जयवीर सिंह ने तंज कसते हुए कहा कि परिवार डेवलपमेंट ऑफ सैफई ही असली पीडीए है। एमएलसी चुनाव में हार पर बोले- पहले भी छह सीटें थीं आगरा शिक्षक खंड से एमएलसी चुनाव में मिली हार और पूर्व राज्यसभा सांसद हरनाथ सिंह यादव की सोशल मीडिया पोस्ट पर मंत्री ने कहा कि वे पार्टी के वरिष्ठ नेता हैं। हालांकि, पिछली बार भी भाजपा के पास छह सीटें थीं और इस बार भी छह सीटें हैं। उन्होंने कहा कि आगरा मंडल की जिस सीट पर भाजपा हारी है, वह पहले भी पार्टी के पास नहीं थी। बनारस में भी भाजपा पहले कभी यह सीट नहीं जीती थी। आगरा स्नातक सीट पर पार्टी पहले भी जीती थी और इस बार भी जीत दर्ज की है। इंडिया गठबंधन की रैली पर बोले- लोकतंत्र में चुनाव से बदलती है सत्ता इंडिया गठबंधन की रैली को लेकर जयवीर सिंह ने कहा कि विपक्ष को लगता है कि वह नेपाल या बांग्लादेश जैसी स्थिति भारत में पैदा कर देगा। यह उसकी गलतफहमी है। भारत दुनिया का सबसे बड़ा लोकतंत्र है। यहां लोकतांत्रिक व्यवस्था के तहत चुनाव से सत्ता परिवर्तन होता है। विपक्ष को जनता की सेवा करनी चाहिए और उसका विश्वास जीतना चाहिए। उन्होंने दावा किया कि 2027 में भाजपा एक बार फिर प्रचंड बहुमत के साथ प्रदेश में तीसरी बार सरकार बनाएगी। अखिलेश यादव को यूपी में सत्ता में वापसी की उम्मीद नहीं करनी चाहिए। त्योहार पर 24 घंटे मिलेगी बिजली प्रभारी मंत्री ने बताया कि आगामी दीपोत्सव और त्योहारों को देखते हुए विद्युत निगम के अधिकारियों को शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक 24 घंटे बिजली आपूर्ति के निर्देश दिए गए हैं। अधिकारियों से कहा गया है कि त्योहार से पहले ही बिजली से जुड़ी समस्याओं को दूर कर लिया जाए, ताकि लोगों को निर्बाध आपूर्ति मिल सके। उन्होंने कहा कि जिले में चल रही विकास योजनाओं को तय समय और गुणवत्ता के साथ पूरा कराया जाए। पूरी हो चुकी योजनाओं का जल्द लोकार्पण कर उन्हें जनता को समर्पित किया जाएगा। बैठक में कई योजनाओं पर चर्चा हुई है। इनके प्रस्ताव शासन स्तर पर भेजकर स्वीकृति दिलाने का प्रयास किया जाएगा। खाद की कालाबाजारी और सड़क निर्माण पर सख्ती के निर्देश खाद वितरण को लेकर मंत्री ने अधिकारियों को कड़ी निगरानी रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि खाद की ओवररेटिंग, अवैध भंडारण और निर्धारित नियमों के विपरीत वितरण करने वाले निजी विक्रेताओं के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई की जाए। पीडब्ल्यूडी विभाग को नई सड़कों के निर्माण और क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए गए हैं। पांच दिव्यांगों को बांटी ट्राई साइकिल कार्यक्रम के दौरान प्रभारी मंत्री ने पांच दिव्यांगजनों को ट्राई साइकिल वितरित कीं। प्रधानमंत्री आवास योजना के दो लाभार्थियों को आवास की चाबियां सौंपी गईं। वहीं, समाज कल्याण विभाग की राष्ट्रीय पारिवारिक लाभ योजना के तहत पांच पात्र लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र प्रदान किए गए।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User