डग्गामार बसों के अवैध संचालन पर 9 पुलिसकर्मी लाइन हाजिर:पालीटेक्निक चौकी प्रभारी समेत 3 टीएसआई और 5 अन्य पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई
लखनऊ में डग्गामार बसों के अवैध संचालन को संरक्षण देने के आरोप में पालीटेक्निक चौकी प्रभारी समेत नौ पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई की गई है। संयुक्त पुलिस आयुक्त अपर्णा कुमार ने एसीपी विभूतिखंड सौम्या पांडेय की जांच रिपोर्ट के आधार पर सभी को लाइन हाजिर कर दिया है। जांच में सामने आया कि पुलिसकर्मियों की जानकारी में अवैध बसों का संचालन हो रहा था, लेकिन उन्होंने इसे रोकने के लिए कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की। पूछताछ में भी पुलिसकर्मी संतोषजनक जवाब नहीं दे सके। एसीपी विभूतिखंड ने बीते सप्ताह मामले की जांच कर रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को भेजी थी। इसमें संबंधित पुलिसकर्मियों की भूमिका संदिग्ध पाए जाने पर जेसीपी ने कार्रवाई की। वहीं, अवैध बसों के संचालन में परिवहन विभाग के कर्मचारियों की मिलीभगत की आशंका पर उनकी भूमिका की जांच के लिए भी रिपोर्ट भेजी गई है। इसके अलावा यातायात निरीक्षक (टीएसआई) की गाड़ी चलाने वाले होमगार्ड के खिलाफ भी संबंधित विभाग को रिपोर्ट भेजी गई है। परमिट कांट्रैक्ट कैरिज का, ढो रहे थे फुटकर सवारियां डग्गामार बसों के खिलाफ 25 अगस्त को अभियान के तीसरे दिन आठ बसों को सीज किया गया था, जबकि सात का चालान किया गया था। अहिमामऊ से आजमगढ़, कमता से अयोध्या और मड़ियाहूं-भिटौली से सीतापुर मार्ग पर कार्रवाई की गई थी। जांच में सामने आया कि बसों के पास कांट्रैक्ट कैरिज परमिट होने के बावजूद उनमें फुटकर सवारियां बैठाकर ढोई जा रही थीं। इन नौ पुलिसकर्मियों पर हुई कार्रवाई मनोज कुमार – चौकी प्रभारी, पालीटेक्निक। धर्मवीर सिंह – टीएसआई। धीरेंद्र बहादुर सिंह – टीएसआई। गजेंद्र कुमार सिंह – हेड कांस्टेबल, कमता चौकी। कुलदीप कुमार – कांस्टेबल, टेढ़ी पुलिया चौकी। ऋषभ सिंह – कांस्टेबल, पालीटेक्निक चौकी। अनुज शुक्ला – ट्रैफिक कांस्टेबल। रुद्र प्रताप सिंह – ट्रैफिक कांस्टेबल। पुनीत सिंह – ट्रैफिक कांस्टेबल।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)