डीएम ने मतदाता सूची में नाम जुड़वाने की अपील की:बलिया में युवाओं और नवविवाहित महिलाओं से फॉर्म-6 भरने को कहा
बलिया के जिला निर्वाचन अधिकारी और जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह ने मतदाता सूची में नाम जुड़वाने और गलतियां ठीक कराने की अपील की है। यह अपील मतदाता सूची के पुनरीक्षण और विस्तार अभियान के तहत की गई। रविवार सुबह करीब 11 बजे उन्होंने तहसील स्कूल, बलिया (हनुमानगंज क्षेत्र), प्राथमिक विद्यालय भृगु आश्रम-1, कंपोजिट उच्च माध्यमिक विद्यालय भृगु आश्रम समेत विधानसभा बलिया क्षेत्र के विभिन्न मतदान केंद्रों पर पहुंचकर लोगों को जागरूक किया। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र को मजबूत बनाने के लिए हर पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में होना जरूरी है। बीएलओ से नाम जांचने की अपील ज्ञानेंद्र सिंह ने नागरिकों से अपने मतदान केंद्र पर जाकर बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) से मतदाता सूची में अपना नाम जांचने को कहा। जिन पात्र नागरिकों का नाम सूची में नहीं है, वे नाम जुड़वाने के लिए फॉर्म-6 भरकर आवेदन करें। उन्होंने खास तौर पर उन युवाओं से पंजीकरण कराने की अपील की, जो 1 जनवरी 2027 को 18 साल की उम्र पूरी कर रहे हैं। नवविवाहित महिलाओं से भी कहा कि शादी के बाद दूसरे जिले या स्थान से बलिया आई हैं और उनका नाम यहां की मतदाता सूची में नहीं है, तो वे फॉर्म-6 भरकर अपना नाम दर्ज कराएं। गलतियां सुधारने के लिए फॉर्म-8 भरें डीएम ने बताया कि मतदाता सूची में नाम, पता या अन्य जानकारी में गलती ठीक कराने और पता बदलवाने के लिए फॉर्म-8 भरना होगा। मृतक मतदाताओं के परिजन संबंधित बूथ पर बीएलओ को इसकी जानकारी दें, ताकि उनके नाम मतदाता सूची से हटाए जा सकें। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची को सही और पारदर्शी बनाए रखना प्रशासन और नागरिकों, दोनों की जिम्मेदारी है। लोगों से समय रहते बीएलओ से संपर्क कर जरूरी प्रक्रिया पूरी करने की अपील की, ताकि आगामी चुनाव में मतदान के दौरान परेशानी न हो और पात्र नागरिक अपने मताधिकार का इस्तेमाल कर सकें।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)