दिग्विजय सिंह की यात्रा का सपाइयों ने किया स्वागत:ललितपुर में मतपत्र से चुनाव कराने की मांग उठाई, बोले- समर्थन से मिलेगी नई ताकत
मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह की सत्य सनातन स्वाभिमान यात्रा के 27वें दिन शुक्रवार को ललितपुर के जखौरा में पदयात्रा का स्वागत किया गया। समाजवादी पार्टी की पूर्व जिलाध्यक्ष ज्योति सिंह लोधी के नेतृत्व में सपाइयों ने यात्रा में शामिल लोगों का स्वागत किया। इस दौरान दिग्विजय सिंह ने सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव के समर्थन के लिए आभार जताया। खिरिया से शुरू हुई पदयात्रा पदयात्रा ग्राम खिरिया से शुरू हुई। यह ननौरा तिगड्डा, जखौरा और मनपुरा जोड़ होते हुए शाम चार बजे टेकरी हनुमान मंदिर पहुंची। इस मौके पर दिग्विजय सिंह ने कहा कि अखिलेश यादव ने वोट चोरी और चंदा चोरी के खिलाफ जारी यात्रा को समर्थन दिया है। उन्होंने कहा कि यह यात्रा लोकतंत्र, संविधान और सनातन परंपराओं की गरिमा की रक्षा के लिए जनजागरण अभियान है। वोट और मंदिरों के चढ़ावे की चोरी का उठाया मुद्दा दिग्विजय सिंह ने कहा कि यह लड़ाई किसी एक दल या व्यक्ति की नहीं, बल्कि जनमत के सम्मान और सनातन धर्म में श्रद्धालुओं की आस्था की पवित्रता में विश्वास रखने वाले हर नागरिक की है। उन्होंने कहा कि जनता के वोट की चोरी लोकतंत्र के साथ और भगवान के नाम पर दिए गए चंदे व चढ़ावे की चोरी श्रद्धालुओं की आस्था के साथ विश्वासघात है। उन्होंने दोनों मामलों की निष्पक्ष जांच, चुनाव मतपत्र से कराने, मंदिरों के दान और चढ़ावे की पारदर्शी व्यवस्था बनाने और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। अखिलेश के समर्थन को बताया नई ताकत दिग्विजय सिंह ने कहा कि अखिलेश यादव और समाजवादी पार्टी का समर्थन सत्य और न्याय के जनअभियान को नई शक्ति देगा। उनके मुताबिक, यह समर्थन लोकतांत्रिक मूल्यों, सामाजिक सद्भाव और साझा जनहित के मुद्दों पर एकजुटता का संदेश भी है। इस दौरान मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रदेश महामंत्री गुड्डू राजा बुंदेला, सपा पिछड़ा वर्ग के प्रदेश सचिव शत्रुघ्न यादव, कांग्रेस जिलाध्यक्ष दयाराम रजक, सुनील खजुरिया, राहुल कुशवाहा और सेतु यादव समेत कई लोग मौजूद रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)