मेरठ में किसानों का आमरण अनशन 4 दिन से जारी:मेडा कार्यालय पर 27 दिन से चल रहा धरना, महापंचायत की तैयारियां शुरू
मेरठ में एमडीए परिसर में किसानों का धरना लगातार जारी है। शनिवार को धरने को 27 दिन और आमरण अनशन को चार दिन पूरे हो गए। इसके बावजूद किसानों की मांगों पर सुनवाई नहीं होने का आरोप लगाया जा रहा है। अनशन पर बैठे गौरव गुर्जर काजीपुर की स्वास्थ्य जांच के लिए स्वास्थ्य विभाग की ओर से डॉक्टरों की टीम भेजी गई। टीम ने उनका मेडिकल चेकअप किया। किसान लंबे समय से रुका हुआ प्रतिकर और प्लॉट आवंटन की मांग को लेकर एमडीए परिसर में धरना दे रहे हैं। किसानों का कहना है कि जब तक उन्हें प्लॉट और मुआवजे के चेक नहीं मिलते, तब तक आंदोलन समाप्त नहीं किया जाएगा। किसानों ने अधिकारियों पर उनकी मांगों की अनदेखी करने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि जनप्रतिनिधि भी किसानों की समस्या को लेकर सामने नहीं आ रहे हैं। धरनास्थल पर किसान 30 नवंबर को प्रस्तावित महापंचायत की तैयारियों में जुटे हुए हैं। किसानों का कहना है कि महापंचायत में आगे के आंदोलन की रणनीति तय की जाएगी। इसमें बड़ी संख्या में किसानों के पहुंचने की संभावना है। किसानों का कहना है कि देश का पेट भरने वाला किसान पिछले 4 दिनों से अधिकारियों के कार्यालय पर भूखा बैठा है और अधिकारी अपना तानाशाह रवैया दिखाते हुए उनको अनदेखा कर रहे हैं। इसके साथ उनका कहना है कि यदि किसी किसान की तबीयत यहां ठंड और भूख के कारण खराब होती है तो उसके जिम्मेदार प्राधिकरणर के उच्च अधिकारी होंगे। किसान नेता धर्मपाल भड़ाना की अध्यक्षता में चल रहे आंदोलन में गौरव गुर्जर काजीपुर, कृपाल सिंह, प्रधान जसवीर सिंह, मंगत सिंह पुट्ठा, सतपाल सिंह, मुकेश अग्रवाल, शुभम राणा, तौफा सिंह, मनीराम सिंह, मुन्नी बैंसला, रॉबिन चौधरी, नाहर सिंह, वीर सिंह, महेंद्र सिंह, अनुज गुर्जर और धीरज सिंह सहित अन्य किसान मौजूद रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)