दिल्ली में राहुल के नेतृत्व में होगी ‘लोकतंत्र बचाओ महारैली’:पीलीभीत में कांग्रेस नेता ने भाजपा पर लगाया वोट चोरी का आरोप
पीलीभीत में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सदस्य और पीलीभीत के पर्यवेक्षक तरुण त्यागी ने भाजपा सरकार पर वोट चोरी कर लोकतंत्र को कमजोर करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि एसआईआर के नाम पर मतदाताओं के वोट काटकर उन्हें मताधिकार से वंचित किया जा रहा है। शुक्रवार दोपहर 2 बजे पार्टी कार्यालय में प्रेसवार्ता के दौरान तरुण त्यागी ने कहा कि संविधान ने सभी नागरिकों को समान मताधिकार दिया है, लेकिन भाजपा सरकार लोकतांत्रिक व्यवस्था को कमजोर कर रही है। एसआईआर के आंकड़ों पर उठाए सवाल तरुण त्यागी ने दावा किया कि बिहार, बंगाल समेत देश के अलग-अलग राज्यों में एसआईआर के नाम पर मतदाता सूची से लोगों के नाम हटाए जा रहे हैं। उनके मुताबिक, देश के 30 राज्यों में एसआईआर के तहत 13 करोड़ 50 लाख से अधिक लोगों के नाम सूची से हटाए गए हैं। उन्होंने पीलीभीत में भी मतदाताओं के वोट प्रभावित करने की कोशिश का आरोप लगाया। उन्होंने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर भी निशाना साधा। आरोप लगाया कि चुनाव आयोग की निष्पक्षता और विश्वसनीयता पर सवाल उठ रहे हैं। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र को मजबूत बनाए रखने के लिए संवैधानिक संस्थाओं का निष्पक्ष होना जरूरी है। दिल्ली में 1 नवंबर को होगी महारैली तरुण त्यागी ने बताया कि 1 नवंबर को राहुल गांधी के नेतृत्व में इंडिया गठबंधन के सहयोगी दलों के साथ दिल्ली के रामलीला मैदान में ‘लोकतंत्र बचाओ महारैली’ आयोजित की जाएगी। उन्होंने कहा कि रैली में देशभर से करीब 10 लाख लोगों को जुटाने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं को रैली में जाने से रोकने की कोशिश की जा रही है। इस दौरान उन्होंने छत्तीसगढ़ और तेलंगाना में रैली के लिए ट्रेन उपलब्ध कराने से इनकार किए जाने का मामला भी उठाया। पीलीभीत से बड़ी संख्या में जाएंगे कार्यकर्ता तरुण त्यागी ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर महारैली की तैयारियों की समीक्षा की। जिलाध्यक्ष हरप्रीत सिंह चब्बा ने कहा कि पीलीभीत से बड़ी संख्या में कार्यकर्ता ट्रेन, बस और निजी वाहनों से दिल्ली पहुंचेंगे। शहर अध्यक्ष श्रीकृष्ण गंगवार ने भी कार्यकर्ताओं से रैली को सफल बनाने की अपील की। इस दौरान पार्टी के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)