प्रयागराज में 19 नवंबर को अखिल भारतीय इंदिरा मैराथन:डीएम ने रूट के गड्ढे भरने के निर्देश दिए, विजेता को मिलेंगे 2 लाख रुपये

Oct 30, 2026 - 16:28
0
प्रयागराज में 19 नवंबर को अखिल भारतीय इंदिरा मैराथन:डीएम ने रूट के गड्ढे भरने के निर्देश दिए, विजेता को मिलेंगे 2 लाख रुपये
प्रयागराज में 19 नवंबर को होने वाली 41वीं अखिल भारतीय प्राइजमनी इंदिरा मैराथन को लेकर जिला प्रशासन और खेल विभाग ने तैयारियां तेज कर दी हैं। शुक्रवार को संगम सभागार में डीएम मनीष कुमार वर्मा की अध्यक्षता में हुई उच्चस्तरीय बैठक में सुरक्षा, साफ-सफाई, स्वास्थ्य और यातायात व्यवस्थाओं का खाका खींचते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि किसी भी स्तर पर कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। मैराथन मार्ग को सुगम और सुरक्षित बनाने के लिए लोक निर्माण विभाग (PWD) और राष्ट्रीय राजमार्ग (NH) के इंजीनियरों को रूट का तत्काल निरीक्षण कर सड़क के गड्ढों को हर हाल में दुरुस्त करने के आदेश दिए गए हैं। वहीं, नगर निगम को रूट की सफाई, पेयजल और मोबाइल टॉयलेट के पुख्ता इंतजाम करने को कहा गया है। साथ ही, मार्ग को पूरी तरह आवारा पशुओं से मुक्त रखने की कड़ी हिदायत दी गई है, ताकि धावकों की दौड़ में कोई बाधा उत्पन्न न हो। खिलाड़ियों की सुरक्षा और आपातकालीन चिकित्सा को प्राथमिकता देते हुए स्वास्थ्य विभाग को मौके पर डॉक्टरों की टीम, जीवन रक्षक दवाओं की किट और अत्याधुनिक एम्बुलेंस तैनात रखने के निर्देश दिए गए हैं। यातायात पुलिस को पूरे रूट पर सुगम ट्रैफिक प्लान लागू करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है, जिससे आयोजन के दौरान आम नागरिकों को भी असुविधा न हो। इसके अलावा, क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी शिव कुमार यादव को सिविल डिफेंस, एनसीसी और एनएसएस के स्वयंसेवकों से समन्वय बनाकर उनकी सेवाएं लेने को कहा गया है। क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी शिव कुमार यादव ने बताया कि प्रतियोगिता के विजेताओं को आकर्षक नकद पुरस्कारों से नवाजा जाएगा। इसके तहत प्रथम स्थान पाने वाले धावक को 2 लाख रुपये, द्वितीय विजेता को 1 लाख रुपये और तृतीय स्थान पाने वाले को 75,000 रुपये की पुरस्कार राशि दी जाएगी। इसके अतिरिक्त, बेहतरीन प्रदर्शन करने वाले 11 अन्य प्रतिभागियों को 10-10 हजार रुपये का सांत्वना पुरस्कार प्रदान किया जाएगा। बैठक में नगर मजिस्ट्रेट विनय कुमार सिंह सहित विभिन्न विभागों के प्रमुख अधिकारी मौजूद रहे, जिन्होंने सभी व्यवस्थाओं को समयबद्ध तरीके से पूरा करने का संकल्प लिया है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User