दीपावली पर जगदीशपुरा में जूते की फैक्ट्री में लगी आग:पांच दमकल गाड़ियों ने संभाला मोर्चा
आगरा में दीपावली के पर्व पर जगदीशपुरा थाना क्षेत्र की लक्ष्मी नगर कॉलोनी में जूते की एक फैक्ट्री में भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। फैक्ट्री से उठती आग की ऊंची लपटें और धुएं का गुबार देखकर आसपास के इलाके में दहशत फैल गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस और दमकल विभाग को सूचना दी। देखते ही देखते मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।
सूचना मिलते ही दमकल विभाग की पांच गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। आग ने फैक्ट्री के बड़े हिस्से को अपनी चपेट में ले लिया था। आग की विकरालता को देखते हुए दमकलकर्मियों को काफी मशक्कत करनी पड़ी। शुरुआती प्रयासों में आग पर काबू नहीं पाया जा सका। इसके बाद प्रशासनिक अधिकारियों और फायर विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों ने भी मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। पुलिस और दमकल विभाग की टीमें लगातार आग बुझाने में जुटी रहीं।
फैक्ट्री मालिक मनोज भी सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि दो दिन पहले फैक्ट्री बंद कर दी थी। कारीगरों का हिसाब-किताब करने के बाद वह वहां से चले गए थे। इसके बाद से फैक्ट्री बंद थी। आग कैसे लगी, इसकी उन्हें कोई जानकारी नहीं है।
दीपावली के मौके पर फैक्ट्री में आग लगने की घटना ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े कर दिए। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। आग से फैक्ट्री में हुए नुकसान का आकलन भी नहीं हो पाया है। दमकल विभाग की ओर से आग पर काबू पाने के प्रयास किए जाते रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)