दीपावली पर मिर्जापुर रंग-बिरंगी झालरों से सजा:बाजारों और गलियों में रोशनी, दुकानदारों ने भी सजाए प्रतिष्ठान
मिर्जापुर। दीपावली पर्व पर पूरा नगर रंग-बिरंगी चाइनीज झालरों की रोशनी से जगमगा उठा है। प्रमुख बाजारों से लेकर मोहल्लों की गलियों तक आकर्षक विद्युत सजावट की गई है। रोशनी से नहाए मार्ग नगर की सुंदरता में चार चांद लगा रहे हैं। घरों, दुकानों और प्रतिष्ठानों पर की गई आकर्षक सजावट के बीच स्वच्छता और चतुर्दिक प्रकाश का संदेश भी दिखाई दे रहा है। नगर के मुकेरी बाजार, टटहाई रोड, चौबे टोला, डंकीनगंज, गिरधर का चौराहा, पक्की सराय, कोतवाली रोड, बसनई बाजार, त्रिमोहानी, धुंधी कटरा, वासलीगंज और संकट मोचन सहित तमाम प्रमुख मार्गों एवं गलियों में रंग-बिरंगी झालरों की जगमगाहट देखते ही बन रही है। शाम ढलते ही विद्युत झालरों की रोशनी से बाजारों का नजारा आकर्षक हो जा रहा है। दुकानदारों ने भी अपने प्रतिष्ठानों को आकर्षक ढंग से सजाया है। दीपावली पर नगर की यह सतरंगी छटा लोगों को बरबस ही अपनी ओर आकर्षित कर रही है। परिवार के साथ बाजार पहुंच रहे लोग रोशनी और सजावट का आनंद ले रहे हैं। मान्यता है कि भगवान श्रीराम के 14 वर्ष का वनवास पूरा कर अयोध्या लौटने पर नगरवासियों ने दीप जलाकर उनका भव्य स्वागत किया था। तभी से दीपावली पर घरों और नगर को दीपों तथा रोशनी से सजाने की परंपरा चली आ रही है। जिले में भी इसी परंपरा और उत्साह के साथ दीपोत्सव मनाया जा रहा है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)