दूसरी बार पोस्टमार्टम में जांघ के पास मिली गोली:पहली रिपोर्ट में किडनी-तिल्ली फटने से बताई थी मौत की वजह
हरदोई के हरपालपुर क्षेत्र में बोलेरो में मृत मिले सोनू के शव का मंगलवार रात दोबारा पोस्टमार्टम कराया गया। एक्स-रे में उनकी दाहिनी जांघ के पास पेल्विक हिस्से में गोली मिली। जबकि सोमवार को हुए पहले पोस्टमार्टम में गोली की पुष्टि नहीं हुई थी। पहली रिपोर्ट में किडनी और तिल्ली फटने को मौत की वजह बताया गया था। दोनों रिपोर्ट में अंतर सामने आने के बाद पहले पोस्टमार्टम करने वाली टीम पर सवाल उठ रहे हैं। परिजनों ने हत्या का आरोप लगाते हुए दोबारा पोस्टमार्टम की मांग की थी। मंगलवार सुबह उन्होंने अंतिम संस्कार करने से भी मना कर दिया। इसके बाद सोनू के भाई अमित उर्फ मोनू ने डीएम को आवेदन दिया। डीएम के आदेश पर दोबारा पोस्टमार्टम कराया गया। बोलेरो में मिला था शव, दोस्तों पर हत्या का केस हरपालपुर कोतवाली क्षेत्र के गुलौली गांव निवासी सोनू रविवार देर रात बिलग्राम कोतवाली क्षेत्र में दुर्गागंज के पास अपनी बोलेरो में मृत मिले थे। सोमवार देर रात 12:31 बजे बिलग्राम कोतवाली में उनके दोस्त उरवेश और रोहित के खिलाफ हत्या और सबूत छिपाने की धाराओं में केस दर्ज किया गया। किराए पर गाड़ी लेकर सोनू को साथ ले गए थे आरोपी सोनू के भाई अमित के मुताबिक, वह किराए पर अपनी बोलेरो चलाते थे। उनकी पहचान बारामऊ निवासी उरवेश यादव और ईसेपुर निवासी रोहित से थी। उरवेश फिलहाल हरपालपुर में रहता है। दोनों का सोनू के साथ रुपयों का लेन-देन था। आरोप है कि 1 नवंबर की रात करीब 9 बजे दोनों बोलेरो किराए पर लेकर गुलौली से सोनू को अपने साथ ले गए थे।
पुल के पास तमंचा दिखाकर दो लोगों को उतारा परिजनों के मुताबिक, बोलेरो में आलोक और शीतल भी सवार थे। आरोप है कि सांडी रोड पर लमकन पुल के पास दोनों आरोपियों ने आलोक और शीतल को तमंचा दिखाकर गाड़ी से उतार दिया। उनसे कहा कि बुकिंग सिर्फ बहाना थी और वे सोनू को जिंदा नहीं छोड़ेंगे। इसके बाद दोनों सोनू को लेकर आगे चले गए। गोली मारकर हत्या, हादसा दिखाने का आरोप परिजनों का आरोप है कि रात करीब 10 बजे दुर्गागंज के पास सोनू को गोली मार दी गई। इसके बाद शव सड़क किनारे फेंककर हत्या को सड़क हादसा दिखाने की कोशिश की गई। दूसरी बार हुए एक्स-रे में जांघ के पास गोली मिलने से परिजनों के आरोपों को लेकर जांच का नया पहलू सामने आया है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)