वेतन-ईपीएफ भुगतान में लापरवाही पर नगरपालिका लेखा लिपिक निलंबित:हरदोई में मंत्री ने अगले दिन तक भुगतान का दिया भरोसा
हरदोई नगर पालिका में आउटसोर्सिंग सफाई कर्मचारियों के वेतन और कर्मचारी भविष्य निधि (ईपीएफ) के भुगतान में लापरवाही सामने आने पर लेखा लिपिक को निलंबित कर दिया गया। नगर पालिका अध्यक्ष सुख सागर मिश्र ‘मधुर’ ने मंगलवार देर रात करीब 9:30 बजे यह कार्रवाई की। वहीं, वेतन और ईपीएफ की मांग को लेकर हड़ताल कर रहे कर्मचारियों से आबकारी मंत्री नितिन अग्रवाल ने बातचीत की। उन्होंने अगले दिन तक सभी कर्मचारियों के खातों में वेतन पहुंचाने का भरोसा दिया। वेतन और ईपीएफ जमा नहीं कराने पर कार्रवाई 3 नवंबर को जारी निलंबन आदेश में लेखा लिपिक विद्या भूषण सिंह पर समय से वेतन भुगतान नहीं कराने, कर्मचारियों के खातों में ईपीएफ की धनराशि जमा नहीं कराने और अन्य वित्तीय मामलों में लापरवाही बरतने का उल्लेख किया गया है। उनकी कार्यप्रणाली की जांच राजस्व निरीक्षक राजीव शुक्ला को सौंपी गई है। जांच में भुगतान से जुड़े अभिलेखों और जिम्मेदारियों की पड़ताल होगी। हड़ताल खत्म कर काम पर लौटने की अपील वेतन और ईपीएफ के भुगतान की मांग को लेकर सफाई कर्मचारी हड़ताल कर रहे हैं। आबकारी मंत्री नितिन अग्रवाल ने उनसे बातचीत कर अगले दिन तक वेतन खातों में पहुंचने का आश्वासन दिया। उन्होंने त्योहार के दौरान शहर की सफाई व्यवस्था प्रभावित होने का हवाला देते हुए कर्मचारियों से हड़ताल खत्म कर काम पर लौटने की अपील की। डीएम को सौंपी भुगतान की जिम्मेदारी मंत्री ने बताया कि उन्होंने भुगतान के संबंध में जिलाधिकारी को जिम्मेदारी दी है। वह लगातार उनके संपर्क में हैं। उन्होंने भरोसा दिया कि त्योहार से पहले कर्मचारियों के वेतन और ईपीएफ का भुगतान कराया जाएगा, ताकि उन्हें आर्थिक परेशानी न हो। बकाया रोकने पर ठेकेदार के खिलाफ होगी एफआईआर पुराने बकाये के भुगतान को लेकर मंत्री ने कहा कि त्योहार के बाद संबंधित ठेकेदार को बुलाकर बातचीत की जाएगी। यदि भुगतान में लापरवाही या कर्मचारियों का बकाया रोकने की बात सामने आती है तो जरूरत पड़ने पर ठेकेदार के खिलाफ एफआईआर भी दर्ज कराई जाएगी। वहीं, लेखा लिपिक के खिलाफ जांच पूरी होने के बाद भुगतान में हुई लापरवाही की स्थिति स्पष्ट होगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)