ईंट लदा ट्रक एक्सप्रेस-वे से गिरा, चालक-क्लीनर जिंदा जले:जालौन में हुआ हादसा, मैनपुरी से झांसी जा रहा था वाहन
जालौन में बुंदेलखंड एक्सप्रेस-वे पर बुधवार (4 नवंबर) तड़के भीषण हादसा हो गया। मैनपुरी से ईंट लादकर झांसी जा रहा ट्रक अनियंत्रित होकर एक्सप्रेस-वे से नीचे जा गिरा। नीचे गिरते ही ट्रक में आग लग गई। हादसे में चालक और क्लीनर की जिंदा जलकर मौत हो गई। आग इतनी विकराल थी कि दोनों को बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिला। करीब 3 घंटे तक चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद दोनों के जले हुए कंकाल ट्रक से बाहर निकाले जा सके। हादसा एक्सप्रेस-वे के किलोमीटर संख्या 209.2 के पास हुआ। अब पूरा मामला जानिए... तड़के 3 बजे अनियंत्रित होकर नीचे गिरा ट्रक पुलिस के मुताबिक, ट्रक मैनपुरी से ईंट लादकर झांसी की ओर जा रहा था। बुधवार सुबह करीब 3 बजे बुंदेलखंड एक्सप्रेस-वे पर किलोमीटर संख्या 209.2 के पास चालक को झपकी आ गई। इससे ट्रक अनियंत्रित हो गया और एक्सप्रेस-वे से नीचे जा गिरा। ट्रक के नीचे गिरते ही उसमें भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरे वाहन को अपनी चपेट में ले लिया। ट्रक में सवार चालक और क्लीनर अंदर ही फंस गए। आग इतनी भीषण थी कि बाहर नहीं निकल सके हादसे के बाद ट्रक में लगी आग की लपटें दूर तक दिखाई देने लगीं। आग इतनी तेजी से फैली कि चालक और क्लीनर को बाहर निकलने का मौका नहीं मिला। दोनों वाहन के अंदर ही फंस गए और जिंदा जल गए। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और राहत-बचाव दल मौके पर पहुंचा। आग की भयावहता के चलते बचाव कार्य शुरू करने में काफी मुश्किलें आईं। 3 घंटे चला रेस्क्यू, कंकाल बन चुके थे शव पुलिस और राहत-बचाव दल ने आग बुझाने के लिए मशक्कत शुरू की। करीब 3 घंटे के रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद आग पर काबू पाया जा सका। इसके बाद ट्रक के अंदर फंसे दोनों लोगों के अवशेष बाहर निकाले गए। हादसे की भयावहता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि दोनों के शव बुरी तरह जलकर कंकाल में तब्दील हो चुके थे। दोनों की पहचान करने में जुटी पुलिस जालौन कोतवाल हरिशंकर ने बताया कि हादसे में जान गंवाने वाले चालक और क्लीनर की पहचान की जा रही है। दोनों के शवों को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)