एक महीने में फर्जी वोट बनवाएगी भाजपा, आधार किया खत्म:खाद, बीज और पानी के लिए तरस रहा किसान, इंशा अल्लाह 2027 में बनेगी पीडीए की सरकार: शहजिल इस्लाम

Nov 17, 2026 - 17:58
0
एक महीने में फर्जी वोट बनवाएगी भाजपा, आधार किया खत्म:खाद, बीज और पानी के लिए तरस रहा किसान, इंशा अल्लाह 2027 में बनेगी पीडीए की सरकार: शहजिल इस्लाम
बरेली के मिशन कंपाउंड स्थित समाजवादी पार्टी कार्यालय पर मंगलवार को आयोजित प्रेस वार्ता में सपा नेताओं ने प्रदेश व केंद्र की भाजपा सरकार के साथ-साथ चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर भी गंभीर सवाल उठाए। ‘पीडीए जनचेतना पदयात्रा’ की जानकारी देने जुटे सपा विधायकों व पदाधिकारियों ने गन्ना बकाया भुगतान, बेरोजगारी, महंगाई और कानून-व्यवस्था के मुद्दे पर सरकार को जमकर घेरा। नियम बदलकर बड़े पैमाने पर फर्जी वोट बनवाने की तैयारी: अताउर रहमान बहेड़ी से सपा विधायक अताउर रहमान ने मतदाता सूची में नाम कटने और नियमों में बदलाव को लेकर चुनाव आयोग व भाजपा को घेरा। उन्होंने कहा कि देशभर में चुनाव आयुक्त से इस्तीफे की मांग उठ रही है। आरोप लगाया कि चुनाव में बेईमानी करने के लिए भाजपा ने चुनाव आयोग के जरिए दो अहम नियम बदलवा दिए हैं—पहला, वोटर बनने के लिए आधार कार्ड की अनिवार्यता खत्म कर दी गई है और दूसरा, मतदाता की ओर से दिया जाने वाला यह घोषणापत्र (डिक्लेरेशन) भी समाप्त कर दिया गया है कि उसका वोट कहीं और नहीं है। अताउर रहमान ने कहा कि मुख्यमंत्री स्वयं सवा करोड़ से अधिक (1.27 करोड़) वोट कटने की बात कह रहे हैं और दूसरी तरफ नियम बदले जा रहे हैं। इससे साफ आशंका है कि अगले एक महीने में भाजपा बड़े पैमाने पर फर्जी वोट बनवाने की कोशिश करेगी। हालांकि, उन्होंने भरोसा जताया कि सपा का बूथ स्तर का संगठन पूरी मुस्तैदी से डटा रहेगा और किसी भी तरह की धांधली नहीं होने देगा। गन्ना भुगतान का मुद्दा उठाते हुए उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने 14 दिन में भुगतान का वादा किया था, लेकिन बहेड़ी चीनी मिल पर आज भी किसानों का 151 करोड़ रुपये बकाया है। अखिलेश यादव के बयान के दबाव में महज 11 करोड़ रुपये जारी किए गए हैं। इंशा अल्लाह मार्च-अप्रैल में बनेगी पीडीए की सरकार: शहजिल इस्लाम भोजीपुरा से विधायक शहजिल इस्लाम ने कहा कि इस पदयात्रा के जरिए सपा कार्यकर्ता शोषित, वंचित और दबे-कुचले वर्ग के बीच जाकर केंद्र व प्रदेश सरकार की जनविरोधी नीतियों की पोल खोलेंगे। उन्होंने कहा कि आज प्रदेश का नौजवान और किसान पूरी तरह बेहाल है। किसानों को समय पर न खाद मिल रही है, न बीज और न ही सिंचाई के लिए पानी। इस यात्रा के माध्यम से जनता को समाजवादी पार्टी के शासनकाल में अखिलेश यादव द्वारा लागू की गई जनकल्याणकारी योजनाओं की याद दिलाई जाएगी। उन्होंने विश्वास जताया कि इस जनचेतना पदयात्रा के माध्यम से इंशा अल्लाह मार्च-अप्रैल में प्रदेश में पीडीए की सरकार बनने जा रही है। राम मंदिर के चंदे तक को हड़पा, भाजपा के ताबूत में आखिरी कील होगी यात्रा: शुभलेश यादव सपा जिलाध्यक्ष शुभलेश यादव ने कहा कि पिछले दस वर्षों से प्रदेश और बारह वर्षों से केंद्र में काबिज भाजपा सरकार हर मोर्चे पर विफल साबित हुई है। उन्होंने प्रदेश की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि सरकार अपराधियों के प्रदेश छोड़ने का दावा करती है, लेकिन हकीकत यह है कि रोजाना अखबार और टीवी चैनल हत्या, लूट और बलात्कार की खबरों से भरे रहते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि भगवान राम के नाम पर सत्ता में आने वाले लोगों ने अयोध्या में राम मंदिर निर्माण के लिए आए चंदे तक को हड़पने का काम किया है। जिलाध्यक्ष ने कहा कि यह पदयात्रा जिले के हर गांव तक जाएगी और भाजपा सरकार के ताबूत में आखिरी कील साबित होगी। जनपद की सभी नौ विधानसभा सीटों पर सपा जीत दर्ज करेगी। नीलामी की कगार पर चीनी मिलें, भुगतान न हुआ तो सड़कों पर उतरेंगे: शमीम खां सुल्तानी महानगर अध्यक्ष शमीम खां सुल्तानी ने कहा कि 2014 में केंद्र और 2017 में प्रदेश में सत्ता में आने से पहले भाजपा ने हर खाते में 15 लाख रुपये देने और हर साल दो करोड़ रोजगार देने जैसे बड़े वादे किए थे, लेकिन आज महंगाई और बेरोजगारी चरम पर है। शिक्षित युवा रोजगार न मिलने से अवसाद में हैं, जबकि किसान को उसकी उपज का वाजिब दाम नहीं मिल रहा। अयोध्या में चंदा चोरी और दिल्ली में हालिया छात्र आंदोलन का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि देश और प्रदेश की जनता अब बदलाव का मन बना चुकी है। बहेड़ी और नवाबगंज चीनी मिलों के नीलामी की कगार पर पहुंचने और दो साल से भुगतान लटके होने के सवाल पर सुल्तानी ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही गन्ना किसानों का बकाया भुगतान नहीं हुआ, तो विधायक, सांसद और पूरा संगठन एकजुट होकर सड़कों पर उतरेगा और बड़ा आंदोलन छेड़ेगा। ये नेता रहे मौजूद प्रेस वार्ता के दौरान जिलाध्यक्ष शुभलेश यादव, महानगर अध्यक्ष शमीम खां सुल्तानी, विधायक अताउर रहमान, विधायक शहजिल इस्लाम, पूर्व सांसद प्रवीण सिंह ऐरन, पूर्व सांसद धर्मेन्द्र कश्यप, पूर्व मंत्री भगवत सरन गंगवार, पूर्व विधायक महिपाल सिंह यादव, पूर्व विधायक सुल्तान बेग, पूर्व विधायक विजयपाल सिंह, पूर्व जिलाध्यक्ष शिवचरन कश्यप, कीर्ति कश्यप, डॉ देवेंद्र सिंह यादव, जिला उपाध्यक्ष रविन्द्र सिंह यादव, सुरेंद्र सोनकर, महासचिव दीपक शर्मा, जिला महासचिव राजकुमार पाल, जिला कोषाध्यक्ष अशोक यादव, तनवीर उल इस्लाम, हसीब खान, डॉ अशोक यादव, राम सेवक प्रजापति, गजेंद्र पटेल, अमरीश यादव, जोगेंद्र पटेल, गौरव यादव समेत कई वरिष्ठ नेता व पदाधिकारी मौजूद रहे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User