एमआरएफ सेंटर के नीचे दबा कूड़ा हटाने की मांग:भारतीय किसान यूनियन (अखंड) ने डीएम को पत्र सौंपा, मिट्टी और भूजल प्रदूषण का खतरा जताया
बागपत नगर पालिका परिषद के एमआरएफ सेंटर के नीचे और आसपास जमीन में दबे कूड़े को हटाने की मांग की गई है। भारतीय किसान यूनियन (अखंड) ने जिलाधिकारी दिव्यांशु पटेल को पत्र देकर कूड़ा खुदवाकर बाहर निकालने और उसका वैज्ञानिक तरीके से निपटारा करने को कहा है।
संगठन के मुताबिक, नगर क्षेत्र के कूड़े के निपटारे के लिए नगर पालिका परिषद ने एमआरएफ (मैटेरियल रिकवरी फैसिलिटी) सेंटर बनवाया था। आरोप है कि सेंटर के नीचे और आसपास बड़ी मात्रा में कूड़ा जमीन में दबा दिया गया।
संगठन ने बताया कि इस मामले की पहले भी शिकायत की गई थी। जांच में संबंधित जगह पर जमीन के अंदर कूड़ा दबा मिला था। जांच रिपोर्ट शासन को भेजी जा चुकी है, लेकिन कूड़ा हटाने की कार्रवाई अब तक नहीं हुई है।
भारतीय किसान यूनियन (अखंड) का कहना है कि शासन स्तर पर जांच और कार्रवाई जारी रह सकती है, लेकिन जमीन में दबे कूड़े को हटाने के लिए अंतिम फैसले का इंतजार नहीं करना चाहिए। संगठन ने आशंका जताई कि कूड़ा सड़ने से जहरीले तत्व और दूषित तरल मिट्टी व भूजल को प्रदूषित कर सकते हैं।
संगठन ने दुर्गंध, हानिकारक गैसों, मच्छर-मक्खियों और संक्रामक बीमारियों का खतरा भी बताया। उसने मीथेन जैसी ज्वलनशील गैसों से आग लगने की आशंका जताई है।
संगठन ने प्रशासन से अब तक की कार्रवाई की लिखित जानकारी मांगी है। उसका कहना है कि यह मामला बागपत के लोगों के स्वास्थ्य, स्वच्छ पर्यावरण और आने वाली पीढ़ियों से जुड़ा है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)