एमएलसी चुनाव मतदाता सूची में डबल वोट का आरोप खारिज:सपा जिलाध्यक्ष असगर अली अंसारी ने एसडीएम से की शिकायत, मिलान के बाद आरोपों को नकारा

Oct 23, 2026 - 17:47
0
एमएलसी चुनाव मतदाता सूची में डबल वोट का आरोप खारिज:सपा जिलाध्यक्ष असगर अली अंसारी ने एसडीएम से की शिकायत, मिलान के बाद आरोपों को नकारा
संभल में एमएलसी चुनाव की मतदाता सूची में कथित तौर पर डबल वोट दर्ज होने का आरोप लगाते हुए सपा जिलाध्यक्ष असगर अली अंसारी और पूर्व मंत्री अकीलुर्रहमान शुक्रवार शाम करीब 4:30 बजे सदर तहसील स्थित उपजिलाधिकारी कार्यालय पहुंचे। उन्होंने एसडीएम विकास चन्द्र से मुलाकात कर मतदाता सूची में गड़बड़ी की शिकायत की। हालांकि, एसडीएम ने सूची का मिलान कराने के बाद आरोपों को खारिज कर दिया। सपा जिलाध्यक्ष असगर अली अंसारी ने आरोप लगाया कि लखौरी इंटर कॉलेज की मतदाता सूची में आठ मतदाताओं के नाम दो-दो बार दर्ज किए गए हैं। इससे आठ मतदाताओं के नाम पर 16 वोट होने का मामला सामने आया है। उन्होंने इसे चुनाव प्रक्रिया में धांधली बताते हुए संबंधित मतदाता सूची एसडीएम को दिखाई और मामले की जांच कराने की मांग की। असगर अली अंसारी ने कहा कि पार्टी की ओर से मतदाता सूची की जांच के दौरान कथित दोहरे नामों की जानकारी मिली। उनका आरोप है कि वास्तविक मतदाताओं के नाम जुड़वाने के लिए फॉर्म जमा किए गए, लेकिन उनके नाम सूची में शामिल नहीं किए गए। वहीं, कुछ नाम दो बार दर्ज कर दिए गए। उन्होंने मांग की कि संबंधित बूथ पर पड़े वोटों की जांच कराकर गड़बड़ी मिलने पर मतदान निरस्त कर दोबारा मतदान कराया जाए। निष्पक्ष चुनाव प्रक्रिया पर सवाल खड़े करती है सपा जिलाध्यक्ष ने कहा कि शिकायत पर कार्रवाई नहीं होने की स्थिति में पार्टी का प्रतिनिधिमंडल विधायकों और सांसदों के साथ जिलाधिकारी से मुलाकात करेगा। उन्होंने आरोप लगाया कि मतदाता सूची में इस तरह की गड़बड़ी निष्पक्ष चुनाव प्रक्रिया पर सवाल खड़े करती है। वहीं, उपजिलाधिकारी विकास चन्द्र ने मौखिक रूप से बताया कि संबंधित सूची एक्सेल के माध्यम से तैयार की गई है। इसमें फर्जी वोटिंग या फर्जी वोट बनाए जाने का मामला नहीं है। सपा नेताओं ने जिन नामों को दोहरा बताते हुए शिकायत की थी, उनका मतदाता सूची से मिलान कराया गया। एसडीएम के मुताबिक, मिलान में शिकायतकर्ताओं के दावे की पुष्टि नहीं हुई। इस प्रकार सपा नेताओं की ओर से मतदाता सूची में कथित दोहरे नामों को लेकर लगाए गए आरोपों को एसडीएम ने जांच और मिलान के बाद खारिज कर दिया।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User