पतिहवा बाबा ने खौलते दूध से स्नान किया:वीर लोरिक पत्थर पर गोवर्धन पूजा में जुटे हजारों श्रद्धालु, यदुवंशी समाज को एकजुटता का संदेश दिया
सोनभद्र के रॉबर्ट्सगंज कोतवाली क्षेत्र की मारकुंडी घाटी स्थित ऐतिहासिक वीर लोरिक पत्थर स्थल पर मंगलवार को गोवर्धन पूजा श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाई गई। इस मौके पर वर्षों पुरानी परंपरा का निर्वहन करते हुए पतिहवा बाबा उर्फ राजेंद्र यादव ने खौलते दूध से स्नान किया। उन्होंने गर्म दूध से भरे मटके में सिर डुबोया और फिर दूध अपने शरीर पर उड़ेल लिया। इस धार्मिक अनुष्ठान को देखने के लिए हजारों की संख्या में श्रद्धालु और दर्शक जुटे। सुबह से ही मारकुंडी पहाड़ी पर मेले जैसा माहौल रहा। वीर लोरिक की प्रतिमा का किया पूजन गोवर्धन पूजा के अवसर पर पुजारी बाबा ने विधि-विधान से पूजन-अर्चन कराया। इसके बाद वीर लोरिक की प्रतिमा की पूजा कर समाज की सुख-समृद्धि और यदुवंशी समाज के विकास एवं उत्थान की कामना की गई। आयोजन में सोनभद्र के अलावा आसपास के जिलों और दूरदराज के क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। श्रद्धालुओं को सुनाई वीर लोरिक की गाथा इस दौरान पतिहवा बाबा ने श्रद्धालुओं को वीर लोरिक की गाथा सुनाई। साथ ही भगवान श्रीकृष्ण के उपदेशों और गोवर्धन पर्वत की महिमा के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि गोवर्धन पूजा प्रकृति की उपासना का प्रतीक है। द्वापर युग में भगवान श्रीकृष्ण ने ब्रज क्षेत्र में गोवर्धन पूजा की परंपरा शुरू कराई थी। यह परंपरा प्रकृति के प्रति आस्था, श्रद्धा और संरक्षण का संदेश देती है। ग्वाल-बाल और श्रद्धालु आज भी इस परंपरा को आगे बढ़ा रहे हैं। साधना और आस्था से जुड़ी है परंपरा खौलते दूध से स्नान की परंपरा के बारे में पतिहवा बाबा ने बताया कि यह उनकी साधना और आस्था से जुड़ा विषय है। पूजा-पाठ और भक्ति में लीन होने पर व्यक्ति आध्यात्मिक शक्ति का अनुभव करता है। उन्होंने हवन कुंड में प्रवेश जैसी कठिन धार्मिक क्रियाओं को भी अपनी साधना का हिस्सा बताया। पूरे आयोजन के दौरान श्रद्धालुओं में खासा उत्साह रहा। लोगों ने पूजा-अर्चना के साथ वीर लोरिक स्थल पर मत्था टेककर सुख-समृद्धि की कामना की। शाम तक पहाड़ी पर श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला जारी रहा।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)