एयर शो देखकर बोले लोग- नई पीढ़ी को करेंगे प्रेरित:महिला बोली-अब एक बच्चे को जरूर भेजेंगे एयरफोर्स में,काशी के आसमान में गूंगा राफेल का गरज

Oct 22, 2026 - 08:24
0
एयर शो देखकर बोले लोग- नई पीढ़ी को करेंगे प्रेरित:महिला बोली-अब एक बच्चे को जरूर भेजेंगे एयरफोर्स में,काशी के आसमान में गूंगा राफेल का गरज
यहां आसमान में उड़ते फाइटर जेट को देखकर मन में आया कि हम भी नई पीढ़ी को तैयार करेंगे, ताकि वह देश की सेवा के लिए आगे आए। वह भी इसी तरह फाइटर जेट उड़ाए, जिससे हमारा सीना गर्व से चौड़ा हो। यह कहना है वाराणसी में गंगा के ऊपर आयोजित एयर शो देखने पहुंचीं प्रज्ञा सिंह का। दैनिक भास्कर की टीम ने एयर शो देखने पहुंचे लोगों से बातचीत की। किसी ने पहली बार आसमान में राफेल और तेजस जैसे लड़ाकू विमान को लाइव देखा, तो किसी ने वायुसेना के जांबाजों के प्रदर्शन को देश के शौर्य और पराक्रम का प्रतीक बताया। ‘शब्द नहीं हैं, कैसे तारीफ करूं’ एयर शो देखकर उत्साहित प्रज्ञा सिंह ने कहा, “यह इतना अद्भुत और सुंदर है कि हमारे पास इसकी तारीफ करने के लिए शब्द नहीं हैं। मैं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और वाराणसी के मंडलायुक्त एस. राजलिंगम को हृदय से धन्यवाद देना चाहती हूं। आज जिस तरह की व्यवस्था की गई है और जिस तरह हम भारतीय सेना की ताकत देख रहे हैं, उससे मन और दिल जोश से भर गया है।” उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन से नई पीढ़ी को प्रेरणा मिलेगी। बच्चे जब लड़ाकू विमानों को आसमान में करतब दिखाते देखेंगे, तो उनके मन में भी वायुसेना में शामिल होने और देश की सेवा करने का सपना जागेगा। उन्होंने कहा, “हम अपनी नई पीढ़ी को प्रोत्साहित करेंगे कि वह भी इस क्षेत्र में आए और ऐसे करतब दिखाए, जिससे देश का गौरव बढ़े।” ‘50 साल की उम्र में पहली बार लाइव देखा’ एयर शो देखने पहुंचे मुकेश ने कहा कि उनके लिए यह सौभाग्य की बात है कि बनारस जैसे शहर में इतना भव्य आयोजन देखने को मिल रहा है। उन्होंने कहा, “हमारी उम्र 50 साल से अधिक है। आज पहली बार फाइटर प्लेन को अपनी आंखों के सामने उड़ते देख रहे हैं। यह हमारे लिए बहुत ही अद्भुत अनुभव है। अब तक टीवी पर ही इस तरह के दृश्य देखते थे, लेकिन आज इन्हें लाइव देखने का मौका मिला।” एक अन्य दर्शक ने कहा कि एयर शो देखकर अलग तरह की ऊर्जा और उत्साह महसूस हो रहा है। विमानों के करतब का वर्णन शब्दों में करना मुश्किल है। गंगा के ऊपर आसमान में विमानों की कलाबाजियों ने सभी को रोमांचित कर दिया। ‘राफेल के करतब देखकर मन गदगद हो गया’ एक दर्शक ने उत्साह के साथ कहा कि एयर शो की शुरुआत में ही राफेल विमान को देखकर मन गदगद हो गया। विमान ने जिस तरह आसमान में अपनी क्षमता और कौशल का प्रदर्शन किया, वह अद्भुत था। लोगों ने राफेल के साथ स्वदेशी लड़ाकू विमान तेजस और हेलीकॉप्टरों को भी देखा। दर्शकों के मुताबिक, यह प्रदर्शन भारतीय वायुसेना की ताकत, तकनीक और जांबाजों के पराक्रम को करीब से समझने का अवसर है। एक अन्य काशीवासी ने कहा कि बाबा विश्वनाथ की नगरी में इस तरह का आयोजन होना गर्व की बात है। मां अन्नपूर्णा की नगरी में चारों ओर लोगों के चेहरों पर उत्साह और रोमांच दिखाई दे रहा है। उन्होंने कहा कि राफेल, तेजस और हेलीकॉप्टरों के प्रदर्शन ने भारत की सैन्य क्षमता और आत्मनिर्भरता की झलक दिखाई। ‘बच्चों को वायुसेना में जाने की मिलेगी प्रेरणा’ वायुसेना की अफसर अंकिता सिंह ने बताया कि गंगा के ऊपर आयोजित यह हवाई प्रदर्शन आम जनता के लिए दुर्लभ और अद्भुत दृश्य है। इसी को ध्यान में रखते हुए इसकी थीम 'Wings Over Ganges' रखी गई है। उन्होंने बताया कि प्रदर्शन में कुल 100 विमानों के शामिल होने की योजना है। इनमें 52 लड़ाकू विमान, 15 परिवहन विमान, 32 हेलीकॉप्टर और एक ऐतिहासिक विमान शामिल हैं। भारतीय वायुसेना के गरुड़ विशेष बल भी इसमें भाग ले रहे हैं। उन्होंने बताया कि विमान देशभर के 12 वायुसेना अड्डों से उड़ान भरकर इस आयोजन में शामिल हो रहे हैं। इनमें चेन्नई के निकट स्थित नौसैनिक अड्डा अरक्कोणम भी शामिल है। बच्चों में वायुसेना ज्वाइन करने की मन में जगे इच्छा अंकिता सिंह ने कहा कि इस आयोजन का उद्देश्य केवल लोगों को रोमांचित करना नहीं, बल्कि युवाओं को वायुसेना की ओर प्रेरित करना भी है। जब बच्चे हेलीकॉप्टर और लड़ाकू विमानों को उड़ते हुए देखेंगे, तो उम्मीद है कि आगे चलकर वे भारतीय वायुसेना में शामिल होने का सपना देखेंगे। जो युवा फाइटर जेट उड़ाना चाहते हैं, उन्हें यह विश्वास मिलेगा कि मेहनत, लगन और आत्मविश्वास से उनका सपना पूरा हो सकता है। यही इस आयोजन की सबसे बड़ी उपलब्धि होगी।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User