अयोध्या में रात एक बजे तक मूर्ति विसर्जन:1000 प्रतिमाएं नदियों में बहाई गई, पुलिस रही मौजूद

Oct 22, 2026 - 08:24
0
अयोध्या में रात एक बजे तक मूर्ति विसर्जन:1000 प्रतिमाएं नदियों में बहाई गई, पुलिस रही मौजूद
अयोध्या शारदीय नवरात्र और दुर्गा पूजा के समापन के बाद जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में मां दुर्गा की प्रतिमाओं के विसर्जन का सिलसिला बुधवार देर रात एक बजे तक जारी रहा। रुदौली, सोहावल, मिल्कीपुर और बीकापुर तहसील क्षेत्रों में करीब एक हजार प्रतिमाओं का गोमती, सरयू और तमसा नदियों सहित विभिन्न घाटों पर विसर्जन किया गया। इस दौरान श्रद्धालुओं ने मां दुर्गा को भावभीनी विदाई दी। जिले के ग्रामीण इलाकों में करीब 2500 स्थानों पर दुर्गा पूजा पंडाल सजाए गए थे। नौ दिनों तक पंडालों में विधि-विधान से मां दुर्गा की पूजा-अर्चना की गई। नवरात्र के समापन पर बुधवार दोपहर से ही प्रतिमाओं को वाहनों और अन्य साधनों से विसर्जन स्थलों तक ले जाने का क्रम शुरू हो गया था। देर शाम और रात तक विभिन्न क्षेत्रों से प्रतिमाएं घाटों पर पहुंचती रहीं। प्रतिमा विसर्जन को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस और प्रशासन की ओर से सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। प्रमुख विसर्जन स्थलों और संवेदनशील स्थानों पर पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई। अधिकारियों ने विभिन्न घाटों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया और ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए। मिल्कीपुर क्षेत्र में उपजिलाधिकारी पवन कुमार शर्मा और क्षेत्राधिकारी पीयूष पाल ने विसर्जन व्यवस्था का निरीक्षण किया। अमेठी जिले के आमघाट पर भी अयोध्या की प्रतिमाओं का विसर्जन किया गया। यहां अमेठी और कुमारगंज थाने की पुलिस संयुक्त रूप से सुरक्षा व्यवस्था संभालती रही। देर रात तक पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी विसर्जन स्थलों पर सक्रिय रहे। सुरक्षा व्यवस्था के बीच प्रतिमाओं का विसर्जन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User