यूपी की बड़ी खबरें:जौनपुर में 2 बाइकों की टक्कर में स्टेट लेवल खो-खो खिलाड़ी की मौत, भरत मिलाप देखने जा रहे थे
जौनपुर में सड़क हादसे में स्टेट खिलाड़ी की मौत हो गई। वह बुधवार रात करीब 11:30 बजे वे भारत मिलाप देखने जा रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रही बाइक ने टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि गाड़ी के परखच्चे उड़ गए। हादसे के बाद राहगीरों ने तुरंत अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने स्टेट खिलाड़ी को मृत घोषित कर दिया। जबकि चचेरे भाई समेत 3 लोग घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने खिलाड़ी के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। खिलाड़ी मां-बाप का इकलौता बेटा था। घटना जिला मुख्यालय से 27 किलोमीटर दूर सिकरारा थाना क्षेत्र की है। लाजीपार के रहने वाले लल्लू सरोज (48) सूरत की एक कंपनी में नौकरी करते हैं। उनके परिवार में पत्नी आशा देवी, तीन बेटियां रंजना, पूजा और प्रीति और एक बेटा धरम सरोज (22) था। तीन बेटियों में से एक की शादी हो चुकी है। धरम स्टेट लेवल के खो-खो खिलाड़ी थे और परिवार के इकलौते बेटे थे। धरम बुधवार रात अपने चचेरे भाई सूरज के साथ भारत मिलाप देखने मछलीशहर जा रहे थे। मछलीशहर-अरुआवा मार्ग पर अरुआवा के पास सामने से आ रही दूसरी बाइक से उनकी बाइक की टक्कर हो गई। हादसे में धरम की मौत हो गई। पढ़ें पूरी खबर आगरा में BJP नेता मिश्री लाल राजपूत पर FIR:जमीन पर कब्जे की कोशिश, विरोध करने पर जान से मारने की धमकी देने का आरोप आगरा में जमीन विवाद को लेकर भाजपा के वरिष्ठ नेता मिश्री लाल राजपूत समेत कई लोगों के खिलाफ थाना एकता में एफआईआर दर्ज की गई है। शिकायतकर्ता कुलदीप सिंह ने जमीन पर कथित अवैध कब्जे की कोशिश, दस्तावेजों में कूटरचना और विरोध करने पर जान से मारने की धमकी देने के आरोप लगाए हैं। मामले में 20 अक्टूबर 2026 को एफआईआर संख्या 532 दर्ज की गई है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी है। एफआईआर के मुताबिक, विवाद थाना एकता क्षेत्र के नगला अरहर स्थित जमीन को लेकर है। शिकायतकर्ता का आरोप है कि जमीन के स्वामित्व को लेकर विवाद के बीच कथित तौर पर फर्जी दस्तावेज तैयार कर कब्जा करने की कोशिश की गई। मामले में मिश्री लाल राजपूत के अलावा जितेंद्र कुमार बघेल, छुट्टन सिंह और अन्य अज्ञात लोगों के नाम भी दर्ज हैं। फिलहाल ये आरोप हैं, जिनकी पुलिस जांच कर रही है। पढ़ें पूरी खबर दूल्हे के भाई की सूजा घोंपकर हत्या, मुख्य आरोपी गिरफ्तार:बिजनौर में पिता बोले- मेरा बेटा हाथ जोड़ता रहा, पर जालिमों ने एक न सुनी बिजनौर में दूल्हे के भाई की सूजा घोंपकर हत्या करने वाला मुख्य आरोपी गिरफ्तार हो गया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने हत्या में इस्तेमाल किया गया सूजा ई-रिक्शा में छिपाकर रखा था। पोस्टमॉर्टम हाउस पहुंचे मृतक के पिता ने कहा- मेरा बेटा उनके सामने हाथ जोड़ता रहा, लेकिन जालिमों ने उसकी एक नहीं सुनी। वहीं, पोस्टमॉर्टम के बाद बुधवार देर शाम मृतक का गंगा बैराज घाट पर अंतिम संस्कार कर दिया गया। घटना मंगलवार शाम करीब 6 बजे की है। मखवाड़ा गांव के रहने वाले अश्वनी (32) एक फाइनेंस कंपनी में काम करते थे। उनके पिता अशोक कुमार पश्चिम बंगाल में ITBP में दरोगा हैं। अश्वनी के परिवार में पत्नी और दो बच्चे हैं, जिनमें एक बेटी है। उनका छोटा भाई ड्राइवर है। अश्वनी अपने ताऊ गजराज के बेटे आकाश की बारात लेकर मखवाड़ा गांव से बकली गांव पहुंचे थे। बारात का स्वागत हीरा बैंक्वेट हॉल में किया गया। सभी रस्में पूरी होने के बाद जयमाल का कार्यक्रम चल रहा था। इसी दौरान किसी बात को लेकर झगड़ा शुरू हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, दूल्हे के परिवार का एक युवक वॉशरूम जाने के लिए गया था। आरोप है कि वहां गांव का ई-रिक्शा चालक रवि और कुछ अन्य युवक शराब पी रहे थे। उन्होंने युवक को वहीं, पकड़ लिया। इसकी जानकारी मिलने पर दूल्हे के ताऊ के बेटे अश्वनी उसे छुड़ाने पहुंचे। इस दौरान युवकों ने उन्हें भी पकड़ लिया। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। झगड़े के दौरान हमलावरों ने बर्फ तोड़ने वाले सूजे से अश्वनी की नाक पर वार कर दिया। पढ़ें पूरी खबर वाराणसी में भाजपा नेता की मौत, बाइक डिवाइडर से टकराई; फोन पर रिश्तेदार से कहा- बचा लो वाराणसी में मिर्जापुर के भाजपा नेता रुद्रेश प्रताप सिंह की सड़क हादसे में मौत हो गई। वह बुधवार दोपहर क्षेत्रीय कार्यालय जा रहे थे। इसी दौरान गाड़ी डिवाइडर से टकरा गई। इसके बाद घायल हालत में ही रुद्रेश प्रताप ने अपने एक रिश्तेदार को फोन किया। मौके पर पहुंचे रिश्तेदार ने आसपास के लोगों की मदद से उन्हें अस्पताल पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। सूचना मिलते ही भाजपा के कई नेता और कार्यकर्ता अस्पताल पहुंचे। रुद्रेश प्रताप सिंह भाजपा जिला कार्यसमिति के सदस्य थे। इससे पहले वह भाजपा किसान मोर्चा के जिला मंत्री रह चुके थे। मामला राजातालाब थाना क्षेत्र का है। पढ़िए पूरी खबर… जौनपुर में पति-पत्नी के शव फंदे से लटका मिला, डेढ़ साल पहले किया था प्रेम विवाह; कमरे में मिली लाश जौनपुर में बुधवार शाम एक दंपती की मौत हो गई। घर के अंदर पति-पत्नी के शव फंदे से लटका मिला। दोनों ने करीब डेढ़ साल पहले प्रेम विवाह किया था। घटना की जानकारी मिलते ही गांव में हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शवों को नीचे उतरवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बेटे और बहू की मौत से उपदेश की मां का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना शाम 7 बजे खेतासराय क्षेत्र के मनेछा गांव का है। पढ़ें पूरी खबर…
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)