गाजीपुर में फल और पूजन सामग्री की दुकानें सजीं:नहाय-खाय के साथ छठ महापर्व शुरू, लौकी के भाव ने लगाया उछाल
गाजीपुर में शुक्रवार को नहाय-खाय के साथ चार दिवसीय डाला छठ पर्व शुरू हो गया। व्रतियों ने घरों की सफाई और पूजा की तैयारी के बाद स्नान किया। इसके बाद शुद्ध भोजन के रूप में लौकी-भात खाया। शहर के प्रमुख बाजारों और मोहल्लों में फल, नारियल, सूप, दौरी, कोसी समेत पूजन सामग्री की दुकानें सज गई हैं। हालांकि, शुक्रवार को दुकानों पर उम्मीद के मुताबिक भीड़ नहीं दिखी। दुकानदारों को शनिवार से खरीदार बढ़ने की उम्मीद है। मोहम्मदाबाद के सुरतापुर खास रोड पर दुकान लगाने वाले मुकेश प्रजापति ने बताया कि पहले नहाय-खाय के दिन तक दुकानों पर अच्छी भीड़ रहती थी, लेकिन इस बार ग्राहक कम हैं। उनके मुताबिक, कई लोग मीशो और फ्लिपकार्ट जैसे ऑनलाइन प्लेटफॉर्म से भी पूजा सामग्री मंगा रहे हैं। इससे स्थानीय दुकानदारों के कारोबार पर असर पड़ा है। दुकानदारों के अनुसार, बाजार में सुपेली 60 रुपए, दौरी 200 रुपए, सादी कोसी 60 रुपए और रंगीन कोसी 80 रुपए में बिक रही है। बड़ा दिया डिजाइन 10 रुपए और ढकननी सात रुपए में उपलब्ध है। लौकी-भात के दिन 70 रुपए किलो पहुंचा लौकी का भाव छठ पर्व शुरू होते ही लौकी की मांग बढ़ने से कीमतों में भी तेजी आई है। कुछ दिन पहले तक 20 से 25 रुपए किलो बिकने वाली लौकी शुक्रवार को 60 से 70 रुपए किलो पहुंच गई। फल विक्रेता रामप्रकाश (शहनिंदा) ने बताया कि फलों के दाम में भी तेजी आई है। शुक्रवार को सेब करीब 100 रुपए किलो, संतरा 100 रुपए किलो, केला 60 से 70 रुपए दर्जन, नारियल 40 से 50 रुपए और अनानास करीब 40 रुपए में बिक रहा है। मौसमी भी करीब डेढ़ किलो 100 रुपए में मिल रही है। उन्होंने बताया कि शनिवार को मंडी में फलों की उपलब्धता और मांग के हिसाब से कीमतें बढ़ सकती हैं। छठ पर शहर में भारी वाहनों की नो एंट्री, पांच चौराहों से बदलेगा रास्ता छठ पर्व पर घाटों में श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए यातायात पुलिस ने 15 और 16 नवंबर के लिए रूट डायवर्जन और अस्थायी पार्किंग की व्यवस्था की है। 15 नवंबर सुबह 8 बजे से 16 नवंबर दोपहर 12 बजे तक भारी वाहनों का शहर में प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। महाराजगंज हाईवे से आने वाले भारी वाहनों को जंगीपुर की ओर भेजा जाएगा। बलिया और भांवरकोल की ओर से आने वाले वाहनों को पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे से मरदह होते हुए एनएच-31 की ओर डायवर्ट किया जाएगा। करंडा की ओर से आने वाले भारी वाहन चोचकपुर से सैदपुर होकर जाएंगे। वहीं, 15 नवंबर दोपहर 2 बजे से 16 नवंबर सुबह 10 बजे तक सैनिक चौराहा, पीजी कॉलेज तिराहा, बद्रीचंद पोखरा, आलमपट्टी चौराहा और जमानिया तिराहे से शहर के अंदर बाइक और श्रद्धालुओं के वाहनों को छोड़कर अन्य वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। स्थानीय निवासियों और आपातकालीन वाहनों को छूट दी गई है। घाटों के हिसाब से तय हुई पार्किंग श्रद्धालुओं के वाहनों के लिए अलग-अलग घाटों के पास अस्थायी पार्किंग बनाई गई है। राजेंद्र प्रसाद मुखर्जी घाट और सिकंदरपुर घाट आने वाले श्रद्धालु स्वामी सहजानंद पीजी कॉलेज मैदान और सीआईएसएफ मैदान में वाहन खड़े कर सकेंगे। ददरी घाट जाने वालों के लिए महिला पीजी कॉलेज, आदर्श इंटर कॉलेज और जीजीआईसी मैदान में पार्किंग रहेगी। चितनाथ घाट के श्रद्धालुओं के लिए डीएवी इंटर कॉलेज मैदान और स्टीमर घाट आने वालों के लिए टाउनहाल मैदान निर्धारित किया गया है। पुलिस ने श्रद्धालुओं से निर्धारित पार्किंग स्थलों का इस्तेमाल करने और यातायात व्यवस्था में सहयोग करने की अपील की है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)