गाजीपुर में उगते सूर्य को अर्घ्य देकर छठ व्रत पूरा:घाटों पर रात 3 बजे से जुटे श्रद्धालु; व्रतियों ने परिवार की सुख-समृद्धि मांगी

Nov 16, 2026 - 07:51
0
गाजीपुर में उगते सूर्य को अर्घ्य देकर छठ व्रत पूरा:घाटों पर रात 3 बजे से जुटे श्रद्धालु; व्रतियों ने परिवार की सुख-समृद्धि मांगी
गाजीपुर में छठ पर्व के चौथे और अंतिम दिन सोमवार सुबह 6:40 बजे उगते सूर्य को अर्घ्य दिया गया। इसके साथ ही सुबह का अनुष्ठान पूरा हुआ। जिले के गंगा घाटों, पोखरों और तालाबों पर रात 3 बजे से व्रती और श्रद्धालु पहुंचने लगे थे। महिलाएं सिर पर सूप और दउरा में फल, ठेकुआ और पूजन सामग्री लेकर छठी मइया के पारंपरिक गीत गाते हुए घाटों पर पहुंचीं। कुछ ही देर में घाटों पर श्रद्धालुओं की भीड़ जुट गई। भोर में व्रती महिलाओं और पुरुषों ने पानी में खड़े होकर सूर्य को दूध और जल से अर्घ्य दिया। इसके बाद छठी मइया की पूजा कर संतान की लंबी उम्र और परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए कई जगह सामाजिक और राजनीतिक संगठनों ने सेवा शिविर लगाए। नवापुरा घाट पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) ने चाय, काढ़ा और दूध मुफ्त बांटा। भाजपा नेत्री विभा पाल की ओर से भी मुफ्त चाय दी गई। सुबह घाटों पर पहुंचे लोगों ने इन सुविधाओं का लाभ लिया। अर्घ्य के बाद व्रती महिलाओं ने घाट पर पूजा की और परिवार के सदस्यों के साथ धार्मिक परंपराएं निभाईं। कई जगह व्रतियों ने एक-दूसरे को प्रसाद दिया और आशीर्वाद लिया। परिवार के पुरुष सदस्य पूजा सामग्री पहुंचाने और दूसरी व्यवस्थाओं में मदद करते दिखे। नहाय-खाय से शुरू हुए चार दिवसीय अनुष्ठान में पहले दिन सात्विक भोजन, दूसरे दिन खरना और तीसरे दिन डूबते सूर्य को अर्घ्य दिया गया। चौथे दिन उगते सूर्य को अर्घ्य देने की परंपरा निभाई गई।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User