घायल मां को गोद में लेकर एसपी ऑफिस पहुंचा बेटा:पड़ोसी पर कुल्हाड़ी मारने का आरोप, FIR के बाद नहीं हुई गिरफ्तारी

Sep 28, 2026 - 14:07
0
घायल मां को गोद में लेकर एसपी ऑफिस पहुंचा बेटा:पड़ोसी पर कुल्हाड़ी मारने का आरोप, FIR के बाद नहीं हुई गिरफ्तारी
कानपुर देहात में एक बेटा घायल मां को गोद में उठाकर एसपी ऑफिस पहुंचा। पीड़ित परिवार का आरोप है कि पड़ोसियों ने महिला के साथ मारपीट करने के बाद उसके सिर पर कुल्हाड़ी से हमला किया था। गंभीर हालत में महिला का कानपुर के हैलट अस्पताल में इलाज चल रहा है। वहीं, बेटे का दावा है कि FIR दर्ज होने के बावजूद आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई है। मामला शिवली थाना क्षेत्र के ग्राम खुमान नेवादा का बताया जा रहा है। शिकायतकर्ता सूरज के मुताबिक, 25 सितंबर को उसकी मां सुनीता देवी अपनी बेटी को डांट रही थीं। आरोप है कि इसी दौरान पड़ोस में रहने वाला फूल सिंह वहां पहुंचा और सुनीता देवी को गाली-गलौज करते हुए बेटी को डांटने से मना करने लगा। विरोध करने पर फूल सिंह ने सुनीता देवी के साथ मारपीट शुरू कर दी। फूल सिंह के साथ गौरव और विशाल भी मौके पर पहुंच गए। आरोप है कि विशाल के उकसाने पर गौरव ने सुनीता देवी के सिर पर कुल्हाड़ी से वार कर दिया। हमले में सुनीता देवी गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर गईं। इसके बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए। परिजनों के मुताबिक, गंभीर हालत में सुनीता देवी को कानपुर के हैलट अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। बेटे सूरज का कहना है कि मामले में पुलिस ने FIR दर्ज कर ली है, लेकिन आरोपियों की गिरफ्तारी अभी नहीं हुई है। सूरज का दावा है कि वह और उसका परिवार चार बार थाने के चक्कर लगा चुका है, लेकिन कार्रवाई आगे नहीं बढ़ी। इसी के बाद घायल मां को परिजन चार लोगों की मदद से गोद में लेकर एसपी कार्यालय पहुंचे। सूरज के मुताबिक, वहां भी उन्हें दोबारा थाने जाने के लिए कहा गया। एसपी कार्यालय के सामने घायल महिला को गोद में लेकर पहुंचे परिजनों की तस्वीरें सामने आने के बाद पुलिस की कार्रवाई को लेकर सवाल उठ रहे हैं। हालांकि, पूरे मामले में आरोपों की पुष्टि पुलिस जांच और आगे की कार्रवाई के बाद ही स्पष्ट होगी। शिवली कोतवाली प्रभारी अमरेंद्र बहादुर सिंह ने बताया घटना में कल मुकदमा दर्ज किया गया है। पीड़ित से मेडिकल के लिए कहा गया है मेडिकल रिर्पोट के आधार पर FIR में धाराएं बढ़ाई जाएंगी।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User