गोंडा पहुंचे जगद्गुरु, धीरेंद्र शास्त्री के बयान पर किया पलटवार:रामदिनेशाचार्य बोले, भगवान के प्रति हर व्यक्ति की अपनी आस्था और भाव होते हैं
गोंडा में जगद्गुरु रामानंदाचार्य स्वामी रामदिनेशाचार्य मंगलवार देर शाम करीब छह बजे अयोध्या से एक दिवसीय दौरे पर पहुंचे। नवाबगंज में आयोजित एक कार्यक्रम में उन्होंने विभिन्न प्रतियोगिताओं में शामिल बच्चों से मुलाकात की और उन्हें शुभकामनाएं दीं। इस दौरान उन्होंने बागेश्वर धाम के धीरेंद्र शास्त्री के भगवान श्रीकृष्ण को लेकर दिए गए बयान पर भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि भगवान के प्रति हर व्यक्ति की अपनी आस्था होती है। भगवान से लोगों के अलग-अलग तरह के संबंध होते हैं और उसी के आधार पर वे अपने आराध्य को परिभाषित करते हैं। अगर कोई भगवान के प्रति गलत टिप्पणी करता है तो भारत, साधु समाज और सनातन धर्म इसे स्वीकार नहीं करेगा। हालांकि, अगर कोई सात्विक भाव से भगवान को अलग-अलग नामों से पुकारता है तो इसमें कोई दोष नहीं होना चाहिए। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि गोपियां भगवान श्रीकृष्ण को 'कान्हा' कहती हैं, तो कोई उन्हें कृष्ण और कोई माखन चोर कहता है। राम और कृष्ण के नाम का दिया उदाहरण रामदिनेशाचार्य ने कहा कि भगवान श्रीराम और श्रीकृष्ण के नाम में अंतर है। भगवान राम का नाम सीधा है, जबकि श्रीकृष्ण का नाम टेढ़ा है। उन्होंने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण तीन जगह से टेढ़े होकर खड़े होते हैं, इसलिए उन्हें त्रिभंगीलाल भी कहा जाता है। बांके बिहारी के दर्शन करने वाले श्रद्धालुओं ने उनकी इस मुद्रा को देखा होगा। उन्होंने कहा कि अगर कोई दुर्भावना के साथ इस तरह की बात कहता है तो उसकी निंदा होनी चाहिए, लेकिन कोई संत भक्तिभाव से ऐसी बात कहता है तो उसमें उन्हें कुछ गलत नहीं लगता। वहीं, अखिलेश यादव की ओर से उठाए जा रहे सवालों पर उन्होंने कहा कि किसी की विचारधारा को समझने के बाद ही उस पर टिप्पणी करना ज्यादा उचित होगा।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)