गोरखपुर में अखिलेश का होगा मेगा शो:रास्ते भर होगा जोरदार स्वागत; क्रांतिकारी धरती चौरीचौरा से फूंकेंगे 2027 का चुनावी बिगुल
विधानसभा चुनाव 2027 से पहले समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के गोरखपुर दौरे को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। 18 नवंबर को अखिलेश यादव चौरीचौरा पहुंचेंगे। उनके इस दौरे को आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों के लिहाज से काफी अहम माना जा रहा है। चौरीचौरा की क्रांतिकारी धरती से अखिलेश यादव के कार्यक्रम को सपा कार्यकर्ता चुनावी बिगुल के तौर पर देख रहे हैं। यही वजह है कि शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक पार्टी कार्यकर्ताओं में उत्साह देखने को मिल रहा है। गोरखपुर में जगह जगह स्वागत होगा अखिलेश यादव 18 नवंबर को सबसे पहले गोरखपुर एयरपोर्ट पहुंचेंगे। यहां पार्टी कार्यकर्ता उनका जोरदार स्वागत करेंगे। इसके बाद वह सड़क मार्ग से चौरीचौरा के लिए रवाना होंगे। एयरपोर्ट से चौरीचौरा तक रास्ते में अलग-अलग स्थानों पर स्वागत की तैयारी की जा रही है। कार्यकर्ता फूल-मालाओं के साथ ढोल-नगाड़े लेकर उनका इंतजार करेंगे। पार्टी नेता और कार्यकर्ता इस दौरे को यादगार बनाने में जुटे हैं। बंधू सिंह की प्रतिमा का करेंगे अनावरण चौरीचौरा पहुंचने के बाद अखिलेश यादव देवकही में महान क्रांतिकारी अमर शहीद बाबू बंधू सिंह की प्रतिमा का अनावरण करेंगे। इसके बाद वह स्वर्गीय विनय कुमार सिंह (बिन्नू) को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे। चौरीचौरा की ऐतिहासिक पहचान और क्रांतिकारी विरासत को देखते हुए इस कार्यक्रम को राजनीतिक रूप से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। पार्टी की कोशिश है कि इस आयोजन के जरिए क्षेत्र में अपनी राजनीतिक सक्रियता और जनाधार को मजबूत किया जाए। अजय सिंह टप्पू के साथ मुलाकात की भी चर्चा अखिलेश यादव के दौरे के बीच चौरीचौरा के पूर्व विधानसभा प्रत्याशी अजय सिंह टप्पू से उनकी मुलाकात को लेकर भी चर्चाएं तेज हैं। अजय सिंह टप्पू ने 2022 के विधानसभा चुनाव में निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में चुनाव लड़ा था। वह पहले भाजपा से जुड़े रहे हैं। अब उनके समाजवादी पार्टी के करीब आने और आगामी विधानसभा चुनाव में सपा के टिकट पर चौरीचौरा से चुनाव लड़ने की संभावनाओं को लेकर राजनीतिक गलियारों में कयास लगाए जा रहे हैं। 50 हजार से अधिक कार्यकर्ताओं के जुटने की तैयारी अखिलेश यादव के आगमन से पहले ही चौरीचौरा में राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। कार्यक्रम में करीब 50 हजार से अधिक सपा कार्यकर्ताओं और नेताओं के पहुंचने की संभावना जताई जा रही है। आयोजन की तैयारियों की जिम्मेदारी अजय सिंह टप्पू संभाल रहे हैं। वहीं, गोरखपुर से सपा नेता विजय बहादुर यादव, जफर अमीन डक्कू समेत पार्टी के अन्य नेता भी कार्यक्रम को सफल बनाने में जुटे हैं। 2027 के चुनाव से जोड़कर देखा जा रहा दौरा अखिलेश यादव का चौरीचौरा दौरा केवल एक प्रतिमा अनावरण और श्रद्धांजलि कार्यक्रम तक सीमित नहीं माना जा रहा है। पूर्वांचल की राजनीति में गोरखपुर की अहम भूमिका है। ऐसे में विधानसभा चुनाव से करीब एक साल पहले सपा प्रमुख का यहां पहुंचना पार्टी की रणनीति का हिस्सा माना जा रहा है। खासकर चौरीचौरा विधानसभा क्षेत्र में पार्टी अपनी स्थिति मजबूत करने की कोशिश में जुटी है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)