पुआल लदे ट्रैक्टर से टकराकर इंटर्न डॉक्टर की मौत:गाजीपुर में दोस्त को स्टेशन छोड़कर लौट रहे थे; हादसे के बाद चालक फरार

Nov 14, 2026 - 09:53
0
पुआल लदे ट्रैक्टर से टकराकर इंटर्न डॉक्टर की मौत:गाजीपुर में दोस्त को स्टेशन छोड़कर लौट रहे थे; हादसे के बाद चालक फरार
गाजीपुर में शुक्रवार रात पुआल लदे ट्रैक्टर से टकराकर बाइक सवार 27 वर्षीय इंटर्न डॉक्टर डॉ. नवदीप सिंह कुशवाहा की मौत हो गई। वह दोस्त को रेलवे स्टेशन छोड़कर घर लौट रहे थे। हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक मौके से फरार हो गया। गंगा विशुनपुर छावनी लाइन के रहने वाले नवदीप गाजीपुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल में करीब एक साल से इंटर्नशिप कर रहे थे। उन्होंने दो साल पहले रूस से एमबीबीएस की पढ़ाई पूरी की थी। शुक्रवार को ड्यूटी खत्म होने के बाद वह अपने साथ काम करने वाले एक दोस्त को रेलवे स्टेशन छोड़ने गए थे। रात करीब 10:30 बजे वह बाइक से घर लौट रहे थे। गोरा बाजार की रविंद्रपुरी कॉलोनी में गिट्टी-बालू की दुकान के सामने उनकी बाइक सामने से आ रहे पुआल लदे ट्रैक्टर से टकरा गई। हादसे में वह सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, ट्रैक्टर आदर्श बाजार की तरफ से आ रहा था। उस पर चारों तरफ पुआल लदा था और पुआल का काफी हिस्सा बाहर निकला हुआ था। ट्रैक्टर की एक ही लाइट जल रही थी। नवदीप की बाइक ट्रैक्टर से बाहर निकले पुआल से टकराई। स्थानीय लोगों ने नवदीप के मोबाइल फोन से उनके परिवार को सूचना दी। परिजन मौके पर पहुंचे और उन्हें मेडिकल कॉलेज ले गए। वहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। नवदीप अपने माता-पिता के इकलौते बेटे थे। उनके पिता चंद्रशेखर सिंह कुशवाहा घर के पास मेडिकल की दुकान चलाते हैं। उनकी मां सुषमा देवी और बहन बिनी कुशवाहा हैं।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User