गोरखपुर में बिना अनुमति विज्ञापन लगाया तो होगी कार्रवाई:नगर निगम ने जब्त किए 220 फ्लैक्स और 116 बोर्ड
शहर की सड़कों और चौराहों को अवैध होर्डिंग, फ्लैक्स, बैनर और पोस्टर से मुक्त कराने के लिए नगर निगम ने गुरुवार को अभियान चलाया। विज्ञापन विभाग की टीम ने टाउनहाल से बैंक रोड, अग्रसेन तिराहा होते हुए विजय चौराहा तक कार्रवाई की। इसके बाद विजय चौराहा से राज टॉकीज होते हुए सुमेर सागर और जटाशंकर चौराहा तक अवैध रूप से लगाए गए फ्लैक्स और पोल बोर्ड हटाए गए। अभियान के दौरान 220 फ्लैक्स बोर्ड और बिजली के खंभों पर लगाए गए 116 बोर्ड जब्त किए गए। इसके अलावा शहर के विभिन्न मार्गों पर करीब 80 स्थानों से पोस्टर भी साफ कराए गए। नगर निगम की इस कार्रवाई का उद्देश्य शहर में जगह-जगह लगाए गए अनधिकृत विज्ञापन संसाधनों को हटाकर सड़कों, चौराहों और सार्वजनिक स्थलों को व्यवस्थित बनाना है। बिना अनुमति लगाए गए बोर्ड और पोस्टर न केवल शहर की सुंदरता को प्रभावित करते हैं, बल्कि सार्वजनिक स्थलों पर अव्यवस्था भी पैदा करते हैं। बिना अनुमति प्रचार कराया तो होगी कार्रवाई नगर आयुक्त ने सभी संस्थाओं और संबंधित फर्मों को चेतावनी दी है कि वे नगर निगम से अनुमति लेने के बाद ही निर्धारित नियमों के अनुसार विज्ञापन बोर्ड, फ्लैक्स और अन्य प्रचार सामग्री लगाएं। बिना अनुमति के पोस्टर, बैनर या अन्य विज्ञापन संसाधन लगाए जाने पर संबंधित फर्म के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। नगर निगम की ओर से स्पष्ट किया गया है कि विज्ञापन के लिए निर्धारित नियमों का पालन करना सभी संस्थाओं की जिम्मेदारी है। शहर में कहीं भी मनमाने तरीके से प्रचार सामग्री लगाने की अनुमति नहीं दी जाएगी। अभियान के तहत ऐसे विज्ञापन संसाधनों को हटाने और जब्त करने की कार्रवाई आगे भी जारी रखी जा सकती है। शहर को साफ-सुथरा रखने में सहयोग की अपील नगर निगम ने शहरवासियों और संस्थाओं से अपील की है कि गोरखपुर को अपना शहर समझते हुए सार्वजनिक स्थलों पर अनुचित तरीके से बोर्ड, बैनर और पोस्टर न लगाएं। संस्थाएं अपने प्रचार-प्रसार के लिए निर्धारित नियमों के तहत उचित स्थानों और विज्ञापन माध्यमों का इस्तेमाल करें। नगर निगम का कहना है कि शहर का सौंदर्यीकरण बनाए रखने के लिए प्रशासन के साथ आम लोगों और संस्थाओं का सहयोग भी जरूरी है। व्यवस्थित तरीके से विज्ञापन लगाने और सार्वजनिक स्थलों को पोस्टर-बैनर से मुक्त रखने से शहर की सुंदरता बनाए रखने में मदद मिलेगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)