गोरखपुर में चांदी की करवा से व्रत खोलेंगी महिलाएं:राजस्थानी फीगर मेहंदी लगवाई, करवाचौथ पर बाजार में रौनक
गोरखपुर में करवा चौथ को लेकर बुधवार को जबरदस्त रौनक देखने को मिली। देर शाम तक बाजार में गोलघर, रेती चौक और बलदेव प्लाजा जैसे प्रमुख बाजारों में पूजा की सामग्री, गहने और श्रृंगार के सामान की खरीदारी के लिए सुहागिनों का हुजूम उमड़ा रहा। इस बार चांदी के करवे की बंपर बिक्री हो रही है। वहीं 'फिगर और राजस्थानी' मेहंदी महिलाओं की पहली पसंद बनी हुई है। पूजा की थाली से लेकर मेहंदी स्टॉल्स तक पूरे शहर में पर्व की शानदार रौनक नजर आ रही है। बेहद आकर्षक चांदी के करवे
सोने और चांदी की कीमतों में हो रहे उतार-चढ़ाव के बावजूद इस बार बाजारों में चांदी के करवे की खरीदारी का विशेष ट्रेंड देखने को मिल रहा है। पारंपरिक मिट्टी के करवे के अलावा महिलाएं चांदी का करवा खरीदना ज्यादा पसंद कर रही हैं। खरीदारी करने आईं महिलाओं का कहना है कि एक बार चांदी का करवा खरीद लेने से हर साल नया करवा खरीदने के छुट्टी मिल जाती है। साथ ही यह पूजा की थाली में रखा हुआ दिखने में बेहद सुंदर और आकर्षक भी लगता है। 15,000 रुपये से मिल रहे चांदी के करवे
ऐश्प्रा के स्टोर मैनेजर प्रयाग वर्मा ने बताया कि शोरूम पर ग्राहकों की पसंद को ध्यान में रखते हुए छोटे से लेकर बड़े हर साइज में चांदी के करवे उपलब्ध कराए गए हैं। इनकी शुरुआती कीमत लगभग 15,000 रुपये रखी गई है। उन्होंने बताया कि इस बार चांदी के करवे को लेकर ग्राहकों का रिस्पॉन्स बेहद शानदार मिल रहा है और बड़ी संख्या में लोग इसकी खरीदारी कर रहे हैं। मेहंदी स्टॉल्स पर उमड़ी भीड़
करवा चौथ के मौके पर हाथों में मेहंदी लगवाने के लिए ब्यूटी पार्लरों और खुले स्टॉल्स पर महिलाओं की लंबी कतारें लगी हुई हैं। गोलघर, टाउनहॉल और असुरन स्थित प्रमुख मेहंदी स्टॉल्स पर सुबह से ही महिलाओं का जमावड़ा देखने को मिल रहा है। मेहंदी लगवाने पहुंची महिलाओं का कहना है कि मेहंदी सुहाग की निशानी मानी जाती है, इसलिए इस शुभ अवसर पर हाथों में मेहंदी सजाना बेहद जरूरी और परंपरा का हिस्सा है। 'करवा चौथ के थीम' मेहंदी बनी पहली पसंद
बलदेव प्लाजा में मेहंदी स्टॉल लगाने वाले मेहंदी आर्टिस्ट बबलू ने बताया कि इस करवा चौथ पर महिलाएं सबसे ज्यादा 'फिगर वाली मेहंदी' पसंद कर रही हैं, जिसे राजस्थानी मेहंदी भी कहा जाता है। इस डिजाइन की खासियत यह है कि यह पूरी तरह से करवा चौथ के थीम पर आधारित और काफी यूनिक होती है। इसमें चांद देखती हुई महिला, पूजा करती हुई सुहागिन, नारियल, कलश और पूजा की थाली जैसे सुंदर चित्र बनाए जा रहे हैं। इसके अलावा पारंपरिक भरी हुई हाथ की मेहंदी की भी खूब मांग है। बबलू ने बताया कि इस सीजन में दोनों हाथों की मेहंदी की शुरुआती कीमत 1100 रुपये तय की गई है, जो डिजाइन और पैटर्न के हिसाब से आगे बढ़ती है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)