गोरखपुर में चार दिन बाद घायल युवक ने तोड़ा दम:पटाखे की चिंगारी को लेकर हुई थी मारपीट, परिजनों ने सड़क जाम किया
गोरखपुर में पटाखे की चिंगारी को लेकर हुए विवाद और मारपीट में घायल युवक की गुरुवार देर रात मौत हो गई। वह चार दिन से हॉस्पिटल में एडमिट था। मौत की खबर सुनते ही परिवार और स्थानीय लोगों में आक्रोश फैल गया। शुक्रवार की सुबह बड़ी संख्या में लोग श्रीराम चौराहे पर जुट गए और फातिमा बाईपास सड़क जाम करने की कोशिश की। मौके पर पहुंची पुलिस ने समझा- बुझा कर लगभग 1 घंटे बाद मामला शांत कराया। इसके बाद यातायात सामान्य हो सका। जानिए पूरा मामला… जानकारी के मुताबिक, पिपराइच इलाके के बिस्मिल्लाह गांव निवासी जयकरन विश्वकर्मा (24) फातिमा बाईपास स्थित श्रीराम चौराहे के पास झोपड़ी डालकर परिवार के साथ लोहे का काम करता था। सोमवार रात करीब नौ बजे जंगल सालिकराम के फातिमा बाईपास स्थित श्रीराम चौराहा निवासी धनुष चंद निषाद के परिवार के लोग घर के सामने पटाखा फोड़ रहे थे। पास में प्लास्टिक रखे होने के कारण पटाखे की चिंगारी से आग लगने की आशंका जताते हुए जयकरन ने पटाखा फोड़ने से मना किया। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी हो गई। इसके बाद जयकरन अपने कमरे पर चला गया। आरोप है कि कुछ देर बाद धनुष चंद अपने रिश्तेदारों के साथ जयकरन के क्वार्टर पर पहुंचा और उसे कमरे से खींचकर बाहर ले आया। चारपाई की पटिया और रॉड से पिटाई की आरोपियों ने चारपाई की पटिया और रॉड से उसकी पिटाई की। उसे करीब 100 मीटर दूर स्थित दुकान तक पीटते हुए ले गए, जहां गंभीर रूप से घायल होकर वह अचेत हो गया। इसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। परिजनों ने उसे मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया था। इस मामले में जयकरन के भाई उमेश विश्वकर्मा की तहरीर पर पुलिस ने हत्या के प्रयास का मुकदमा दर्ज किया था। मुख्य आरोपी धनुष चंद निषाद को मंगलवार को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया था। अब जयकरन की मौत के बाद मुकदमे में हत्या की धारा बढ़ाई जाएगी। पुरानी रंजिश में हमले का भी आरोप
परिजनों ने इस घटना के पीछे पुरानी रंजिश होने का भी आरोप लगाया है। उनका कहना है कि जयकरन के पिता स्व. चौथी करीब तीन साल पहले धनुष चंद के मकान में किराये पर रहते थे। लगभग एक साल पहले उनकी मौत हो गई थी। इसी दौरान धनुष द्वारा जयकरन की बहन पर गलत नजर रखने को लेकर विवाद हुआ था। पुलिस से शिकायत भी की गई थी। इसी बात को लेकर जयकरन ने एक बार धनुष चंद को थप्पड़ मार दिया था। इसके बाद जयकरन राजस्थान चला गया था और दीपावली पर ही वापस लौटा था। बड़े भाई की दिसंबर में होनी थी शादी
जयकरन दो भाइयों और दो बहनों में दूसरे नंबर पर था। पिता की मौत के बाद परिवार सड़क किनारे लोहे का काम कर किसी तरह गुजर-बसर कर रहा था। बड़े भाई उमेश की दिसंबर में शादी तय थी, लेकिन इससे पहले ही परिवार पर दु:खों का पहाड़ टूट पड़ा। युवक की मौत से परिवार में मातम पसरा है। बताया जा रहा है कि आरोपी धनुष चंद के ससुर स्वर्गीय अर्जुन निषाद चरगांवा के पूर्व ब्लॉक प्रमुख और हरसेवकपुर नंबर दो के ग्राम प्रधान रह चुके थे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)