संतकबीरनगर में शादी की खुशियों के बीच मारपीट:अश्लील गाने का विरोध करने पर चले लाठी-डंडे, घरों के बाहर खड़े वाहन तोड़े

Nov 13, 2026 - 13:36
0
संतकबीरनगर में शादी की खुशियों के बीच मारपीट:अश्लील गाने का विरोध करने पर चले लाठी-डंडे, घरों के बाहर खड़े वाहन तोड़े
संतकबीरनगर के बखिरा थाना क्षेत्र के मुड़िलाखुर्द गांव में गुरुवार देर रात बारात के दौरान डीजे पर बज रहे अश्लील गाने का विरोध करना एक परिवार को भारी पड़ गया। कहासुनी से शुरू हुए विवाद ने देखते ही देखते हिंसक रूप ले लिया और दो पक्षों में जमकर मारपीट हुई। इस हमले में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि महिलाओं समेत आठ लोग चोटिल हो गए। बारात देखने के दौरान भड़का विवाद गांव के पूर्व प्रधान सोमई की नातिन की शादी में गुरुवार रात बारात आई थी। गांव का ही एक परिवार अपने दरवाजे के सामने खड़े होकर बारात देख रहा था। आरोप है कि इसी दौरान डीजे पर अश्लील भोजपुरी गाना बजने लगा, जिस पर परिवार की महिलाओं ने आपत्ति जताई। गाने को लेकर शुरू हुई कहासुनी इतनी बढ़ गई कि दूसरे पक्ष के लोगों ने गाली-गलौज करते हुए लाठी-डंडों और बांस से हमला बोल दिया। हमले में आशा देवी के बेटे आकाश को गंभीर चोटें आई हैं, जबकि विकास, किरन, दुर्गावती, शिवशंकर, अर्जुन, अमन और आशा देवी भी घायल हो गए। हमलावरों ने दरवाजे पर खड़ी मोटरसाइकिलों, ऑटो रिक्शा और घरेलू सामान में भी जमकर तोड़फोड़ की। सड़क जाम कर परिजनों ने जताया आक्रोश घटना से आक्रोशित पीड़ित परिवार ने रात में ही सड़क जाम कर हंगामा शुरू कर दिया और आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग पर अड़ गए। बवाल की सूचना मिलते ही चार थानों की पुलिस फोर्स मौके पर पहुंच गई। पुलिस अधिकारियों ने आक्रोशित परिजनों को समझा-बुझाकर शांत कराया और जाम खुलवाया। 15 नामजद समेत 30 लोगों पर मुकदमा दर्ज CO सर्वदवन सिंह ने बताया कि बारात देखने के दौरान डीजे पर बज रहे अश्लील गाने के विरोध को लेकर मारपीट और तोड़फोड़ की घटना हुई है। पीड़िता की तहरीर के आधार पर 15 नामजद और 15 अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने कुछ संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है, जबकि अन्य फरार आरोपियों की धरपकड़ के लिए पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User