सीतापुर में रास्ता बंद करने पर मोहल्लेवासियों का विरोध:एसडीएम ने पैमाइश के बाद निर्माण कराने का आश्वासन दिया
सीतापुर के शहर कोतवाली क्षेत्र के लालकुर्ती मोहल्ले में जमीन विवाद को लेकर सोमवार देर रात करीब 10:30 बजे हंगामा हो गया। खाली पड़ी जमीन पर 11वीं वाहिनी पीएसी की ओर से बाउंड्रीवाल बनाने और पिलर गाड़कर कंटीले तार लगाने की कार्रवाई का मोहल्लेवासियों ने विरोध किया। स्थानीय लोगों का आरोप है कि बाउंड्रीवाल बनने से उनका करीब 50 साल पुराना रास्ता बंद हो जाएगा। देखते ही देखते मौके पर सैकड़ों लोग जुट गए और पीएसी के खिलाफ विरोध प्रदर्शन करने लगे। मोहल्लेवासियों का कहना है कि विवादित जमीन पर उनका कोई दावा नहीं है। जमीन नगरपालिका की हो या पीएसी की, उन्हें इससे कोई आपत्ति नहीं है। उनकी मांग है कि निर्माण के दौरान मोहल्ले से निकलने के लिए रास्ता छोड़ा जाए। स्थानीय लोगों के अनुसार, इस रास्ते की चौड़ाई करीब 15 से 20 फीट है और इसका इस्तेमाल पांच दशक से अधिक समय से किया जा रहा है। पुलिस बल के साथ पहुंचे अधिकारी विवाद बढ़ने की सूचना पर एसडीएम सदर डॉ. जनार्दन, सीओ और पुलिस बल मौके पर पहुंच गए। अधिकारियों ने दोनों पक्षों से बातचीत कर स्थिति को संभालने का प्रयास किया। करीब डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद एसडीएम ने मोहल्लेवासियों और पीएसी कर्मियों से बातचीत की। उन्होंने मंगलवार सुबह जमीन की पैमाइश कराने के बाद निर्माण कार्य आगे बढ़ाने की बात कही। इसके बाद मोहल्लेवासी शांत हुए और मौके से लौट गए। सभासद बोलीं- जमीन नहीं, रास्ते की मांग स्थानीय सभासद कुसुम लता ने कहा कि मोहल्ले के लोग जमीन पर कब्जा नहीं करना चाहते, बल्कि वर्षों से इस्तेमाल हो रहे रास्ते को सुरक्षित रखने की मांग कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि पीएसी अपनी जमीन पर बाउंड्रीवाल बनाए, लेकिन लोगों के आवागमन के लिए रास्ता छोड़ा जाए। वहीं, स्थानीय निवासी डॉली ने भी रास्ता बंद होने पर नाराजगी जताई। फिलहाल, जमीन की पैमाइश के बाद ही विवादित स्थल पर निर्माण की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)