गोरखपुर सेंट जोसेफ में डांस-म्यूजिक से यादगार बना चिल्ड्रेंस डे:DIG बोले- बच्चे ही कल वैज्ञानिक और अफसर बनकर देश संभालेंगे
गोरखपुर के खोराबार स्थित सेंट जोसेफ स्कूल में शनिवार को चिल्ड्रेंस डे का प्रोग्राम बड़े ही उत्साह के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के तौर पर डीआईजी डॉ. एस. चिन्नप्पा मौजूद रहे। उन्होंने दीप जलाकर समारोह की शुरुआत की। उसके बाद बच्चों ने शानदार प्रेयर डांस और म्यूजिक परफॉर्मेंस से सबका मन मोह लिया। इस मौके पर अलग-अलग कंपटीशन के विनर्स को अवॉर्ड देकर उनका हौसला बढ़ाया गया और जीवन में कामयाब होने के खास टिप्स दिए गए।
बच्चों की मुस्कान से ही रोशन होगा देश का कल- DIG चिन्नप्पा
छात्रों को संबोधित करते हुए DIG ने सबसे पहले सभी को बाल दिवस की बधाई दी। उन्होंने कहा कि हर साल 14 नवंबर को देश के पहले प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू के जन्मदिन पर बाल दिवस मनाया जाता है। बच्चे उन्हें प्यार से 'चाचा नेहरू' कहते थे। उन्होंने कहा कि बच्चे ही किसी भी देश की असली ताकत और भविष्य होते हैं। आज के यही बच्चे कल को बड़े होकर वैज्ञानिक, डॉक्टर, शिक्षक और अफसर बनकर देश संभालेंगे। उन्होंने छात्रों को कामयाबी का मंत्र देते हुए कहा कि जीवन में बड़ा मुकाम पाने के लिए कड़ी मेहनत, अनुशासन, ईमानदारी और खुद पर भरोसा रखना बेहद जरूरी है। पढ़ाई के साथ-साथ खेलकूद, आर्ट और क्रिएटिव कामों में भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लें। उन्होंने टीचर्स से भी अपील की कि वे हर बच्चे के अंदर छिपे खास टैलेंट को पहचानें और उसे आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करें। हार से कभी घबराएं नहीं, मेहनत को बनाएं साथी- फादर सिबीचन
स्कूल के प्रिंसिपल फादर डॉ. सिबीचन ने बच्चों से कहा कि बाल दिवस सिर्फ खुशियां मनाने का दिन नहीं है, बल्कि यह हमें अपनी जिम्मेदारियों और कर्तव्यों की याद भी दिलाता है। हर बच्चे में आगे बढ़ने की भरपूर काबिलियत होती है, बस जरूरत है उसे सही दिशा देने की। उन्होंने कहा कि छात्र अपने सपनों को बड़ा रखें, मेहनत को अपना पक्का साथी बनाएं और कभी भी किसी असफलता से निराश न हों। अपने माता-पिता और गुरुजनों का हमेशा सम्मान करें। कार्यक्रम में वाइस प्रिंसिपल फादर जॉर्ज, सिस्टर डेजी, सिस्टर रूबी और सिस्टर टेन्सी समेत स्कूल का पूरा स्टाफ और बड़ी संख्या में बच्चे मौजूद रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)