गोरखपुर स्टेशन पर SP रेलवे का औचक निरीक्षण:पुलिस स्कॉर्ट; डॉग स्क्वायड ने भी संभाला मोर्चा

Nov 12, 2026 - 17:39
0
गोरखपुर स्टेशन पर SP रेलवे का औचक निरीक्षण:पुलिस स्कॉर्ट; डॉग स्क्वायड ने भी संभाला मोर्चा
छठ महापर्व पर घर लौटने वाले यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए रेलवे स्टेशन गोरखपुर पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। यात्रियों को स्टेशन पर आने-जाने में किसी तरह की परेशानी न हो और उनका सामान सुरक्षित रहे, इसके लिए जीआरपी और आरपीएफ की टीमों को अलर्ट किया गया है। गुरुवार को एसपी रेलवे लक्ष्मी निवास मिश्र ने रेलवे स्टेशन का औचक निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने जीआरपी, आरपीएफ, चेकिंग स्टाफ और डॉग स्क्वायड के साथ स्टेशन परिसर में पैदल भ्रमण किया। निरीक्षण के दौरान एसपी रेलवे ने सभी प्लेटफार्मों, सर्कुलेटिंग एरिया, आउटर, पार्किंग और वेटिंग हॉल की जांच की। उन्होंने यात्रियों की भीड़ को देखते हुए बनाए गए होल्डिंग एरिया, रैन बसेरे, पूछताछ केंद्र और पब्लिक एड्रेस सिस्टम का भी निरीक्षण किया। अधिकारियों को निर्देश दिया कि यात्रियों को ट्रेनों की जानकारी समय पर मिले और भीड़ के कारण आवागमन प्रभावित न हो। निर्माण कार्य वाले स्थानों पर अलग से लगेगी पुलिस की ड्यूटी रेलवे स्टेशन पर चल रहे निर्माण कार्य को देखते हुए एसपी रेलवे ने खास सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य वाले स्थानों पर ऐसे प्वाइंट बनाए जाएं, जहां पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई जा सके। इससे यात्रियों को आने-जाने में परेशानी नहीं होगी और किसी तरह की दुर्घटना की आशंका भी कम होगी। उन्होंने होल्डिंग एरिया में सघन चेकिंग कराने और वहां पुलिसकर्मियों की नियमित ड्यूटी लगाने को कहा। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस बल की ड्यूटी अलग-अलग शिफ्ट में लगाने और हर समय निगरानी रखने के निर्देश दिए। संदिग्धों और ज्वलनशील सामान पर रहेगी नजर एसपी रेलवे ने जीआरपी थाना प्रभारी को निर्देश दिया कि स्टेशन पर आने-जाने वाले संदिग्ध व्यक्तियों पर विशेष नजर रखी जाए। किसी भी तरह की भ्रामक सूचना मिलने पर तुरंत जांच की जाए। उन्होंने आरपीएफ के साथ मिलकर चेकिंग अभियान चलाने, सीसीटीवी कैमरों की निगरानी सक्रिय रखने और जरूरत पड़ने पर डॉग स्क्वायड व बम निरोधक दस्ते की मदद लेने को कहा। स्टेशन परिसर में लावारिस सामान और ज्वलनशील वस्तुओं की भी जांच करने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा पुलिसकर्मियों को दंगा नियंत्रण उपकरण तैयार रखने और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए सतर्क रहने को कहा गया। दादर एक्सप्रेस में कराई गई चेकिंग, स्पेशल ट्रेनों में भी लगेगा स्कॉर्ट निरीक्षण के दौरान एसपी रेलवे ने स्टेशन पर खड़ी ट्रेन नंबर 11048 दादर सेंट्रल एक्सप्रेस की सघन चेकिंग भी कराई। उन्होंने छठ पर्व के दौरान रेलवे की ओर से चलाई जा रही सभी स्पेशल ट्रेनों में पुलिस स्कॉर्ट लगाने और यात्रियों की सुरक्षा के लिए विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। इस दौरान पुलिस उपाधीक्षक रेलवे बलिया सवि रत्न गौतम और पुलिस उपाधीक्षक रेलवे गोरखपुर अशोक कुमार सिंह मौजूद रहे। एसपी रेलवे ने जीआरपी थाना प्रभारी को निर्देश दिया कि यात्रियों की सुरक्षा और उनके सामान की हिफाजत को प्राथमिकता दें। ड्यूटी में किसी तरह की लापरवाही नहीं होनी चाहिए।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User